द फॉलोअप डेस्क
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपनी 'समृद्धि यात्रा' के छठे दिन आज सिवान पहुंच रहे हैं। आज का यह भव्य कार्यक्रम शहर के राजेंद्र स्टेडियम में होगा। मुख्यमंत्री यहाँ करोड़ों रुपये की विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास कर जिले की प्रगति को नई ऊर्जा देंगे। जिला प्रशासन ने इस मेगा इवेंट और मुख्यमंत्री के जनसंवाद कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा और प्रशासनिक स्तर पर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।.jpeg)
अपनी इस यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री सिवान को कुल 202 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का तोहफा देंगे। इसमें विशेष रूप से 157 करोड़ रुपये की लागत वाली 40 नई योजनाओं का शिलान्यास शामिल है, जो आने वाले समय में जिले की बुनियादी सुविधाओं और बुनियादी ढांचे की तस्वीर बदलेंगी। इसके साथ ही, 45 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हो चुकी 31 विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन कर मुख्यमंत्री उन्हें जनता को समर्पित करेंगे।.jpg)
मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और कार्यक्रम स्थल से लेकर शहर के प्रमुख रास्तों तक भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। इस यात्रा के माध्यम से नीतीश कुमार न केवल विकास योजनाओं की जमीनी हकीकत परखेंगे, बल्कि जनसंवाद के जरिए सीधे आम लोगों से फीडबैक भी लेंगे। सिवान के लोगों में इस मेगा इवेंट और विकास की नई सौगातों को लेकर काफी उत्साह देखा जा रहा है।
आपको बता दें कि पहले चरण में यह यात्रा 16 जनवरी से शुरू हुई थी। इस दौरान नीतीश कुमार 9 जिलों का दौरा कर रहे हैं और कई विकास योजनाओं की सौगात दे रहे हैं। वहीं इस यात्रा का समापन 24 जनवरी को वैशाली जिले में किया जायेगा।