logo

बिहार में ठंड का कहर, गया में पारा 5.4 डिग्री पहुंचा; 32 जिलों में अलर्ट

cold00000000.jpg

द फॉलोअप डेस्क
बिहार में बर्फीली पछुआ हवा के कारण कड़ाके की ठंड पड़नी शुरू हो गई है। गया जिला सबसे ठंडा रहा, जहाँ तापमान गिरकर 5.4 डिग्री तक पहुँच गया है। पटना, जहानाबाद और समस्तीपुर समेत कई जिलों में भी पारा काफी नीचे चला गया है। मौसम विभाग ने 32 जिलों में घने कोहरे और भीषण ठंड का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। ठंड को देखते हुए बेगूसराय जैसे जिलों में 8वीं तक के स्कूल 31 दिसंबर तक के लिए बंद कर दिए गए हैं।
घने कोहरे की वजह से सड़कों पर विजिबिलिटी भी काफी कम हो गई है, जिससे कई जगहों पर सड़क हादसे भी हो रहे हैं। रेल और हवाई यातायात भी बुरी तरह प्रभावित है. जहां 22 फ्लाइट्स ने भी देरी से उड़ान भरी है, राजधानी और तेजस जैसी बड़ी ट्रेनें भी कई घंटे लेट चल रही हैं, जिससे यात्री परेशान हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक, पहाड़ों पर बर्फबारी की वजह से आने वाले 5 दिनों तक ठंड से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। नए साल की शुरुआत भी घने कोहरे और शीतलहर के बीच होगी। ठंडी हवाओं के कारण दिन में भी ठिठुरन बनी रहेगी। धूप रहेगी लेकिन कनकनी भी बढ़ी रहेगी, इसलिए लोगों को अभी सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

Tags - bihar news bihar khabar bihar update bihar trending news cold wave news