द फॉलोअप डेस्क
बिहार सरकार ने पटना मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (PMCH) के नए अधीक्षक के रूप में डॉ. राजीव कुमार सिंह की नियुक्ति की है। डॉ. राजीव कुमार सिंह वर्तमान में पीएमसीएच के फिजियोलॉजी विभाग में प्रोफेसर और विभागाध्यक्ष हैं और वे 31 जनवरी को अपना पदभार ग्रहण करेंगे।
गौरतलब है कि पिछले काफी समय से इस पद पर डॉ. आई.एस. ठाकुर तैनात थे, जो दो बार एक्सटेंशन ले चुके थे। हालांकि, कई विवादों में नाम आने के कारण सरकार ने इस बार उन्हें आगे एक्सटेंशन न देकर नई नियुक्ति का फैसला किया है।
मूल रूप से बेगूसराय के रहने वाले डॉ. राजीव कुमार सिंह एक प्रतिष्ठित शैक्षणिक पृष्ठभूमि से आते हैं। उनके पिता स्वर्गीय बंगाली सिंह नौबतपुर के मालतीधारी कॉलेज में प्रिंसिपल थे, जबकि उनके भाई राकेश सिन्हा भाजपा से राज्यसभा सदस्य रह चुके हैं। डॉ. सिंह ने अपनी एमबीबीएस की पढ़ाई भागलपुर मेडिकल कॉलेज से की और पीएमसीएच से ही पोस्ट ग्रेजुएशन पूरा किया। वर्ष 2010 से वे लगातार पीएमसीएच में अपनी सेवाएं दे रहे हैं और चिकित्सा जगत में उनकी छवि एक ईमानदार और कर्तव्यनिष्ठ डॉक्टर की रही है।
डॉ. सिंह की यह नियुक्ति मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के उस विजन का हिस्सा मानी जा रही है, जिसके तहत वे पीएमसीएच को 5400 बेड के साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर का अस्पताल बनाना चाहते हैं। सरकार का लक्ष्य अस्पताल में भव्य बुनियादी ढांचे के साथ-साथ डॉक्टरों और स्टाफ के खाली पदों को भरकर मरीजों को विश्वस्तरीय इलाज मुहैया कराना है। डॉ. राजीव कुमार सिंह के कंधों पर अब पीएमसीएच की साख को बेहतर बनाने और मरीजों के लिए सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने की बड़ी जिम्मेदारी होगी।