द फॉलोअप डेस्क
भारत सरकार के विधि एवं न्याय मंत्रालय ने ओडिशा हाईकोर्ट के न्यायाधीश जस्टिस संगम कुमार साहू को पटना हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त कर दिया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की स्वीकृति के बाद इसकी अधिसूचना 1 जनवरी को जारी कर दी गई है। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने 18 दिसंबर 2025 को उनके नाम की अनुशंसा की थी, जिसके बाद वे अब पटना हाईकोर्ट के 47वें मुख्य न्यायाधीश के रूप में जिम्मेदारी संभालेंगे।
जस्टिस संगम कुमार साहू का न्यायिक सफर बेहद शानदार रहा है। ओडिशा में जन्मे और शिक्षित जस्टिस साहू ने 1989 में वकालत की शुरुआत की थी। आपराधिक और सेवा संबंधी मामलों के विशेषज्ञ के रूप में उन्होंने जिला न्यायालयों से लेकर ट्रिब्यूनल और हाईकोर्ट तक में अपनी पहचान बनाई। जुलाई 2014 में उन्हें ओडिशा हाईकोर्ट का न्यायाधीश नियुक्त किया गया था, जहाँ से अब वे पदोन्नत होकर अब बिहार आयें हैं।
इस नियुक्ति के बाद अब राजभवन में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा, जहाँ बिहार के राज्यपाल उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। फ़िलहाल पटना हाईकोर्ट में जस्टिस सुधीर सिंह कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश की भूमिका निभा रहे हैं। जस्टिस साहू के कार्यभार संभालते ही वे विधिवत रूप से प्रशासनिक और न्यायिक कार्यों का नेतृत्व करेंगे।.jpeg)
जस्टिस साहू के व्यापक अनुभव से पटना हाईकोर्ट में लंबित मामलों के निपटारे में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है। गौरतलब है कि कॉलेजियम ने हाल ही में झारखंड, उत्तराखंड और सिक्किम जैसे अन्य राज्यों के लिए भी मुख्य न्यायाधीशों की सिफारिश की थी।