logo

बड़ी लापरवाही : जहानाबाद बाल सुधार गृह से 24 बंदी फरार, सिम कार्ड देने के विवाद से शुरू हुआ था हंगामा

जहानाबाद.jpg

द फॉलोअप डेस्क
जहानाबाद के बाल पर्यवेक्षण गृह में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब पर्यवेक्षण गृह से बुधवार को 24 बाल बंदी फरार हो गए। पुलिस ने सर्च अभियान चला कर इनमें से चार को पकड़ लिया है, जबकि बाकी 20 लोगों की तलाश की जा रही है। घटना के बाद पुलिस-प्रशासन में पूरी तरह से हड़कंप मच गया है। सभी थानों को अलर्ट कर फरार बंदियों की तलाश शुरू कर दी गयी है। 
मिली जानकारी के अनुसार सुधार गृह में बिहार के विभिन्न जिलों-वैशाली, जहानाबाद, बक्सर और भोजपुर के कुल 96 बाल बंदी बंद थे। बताया जा रहा है कि बुधवार को बंदियों के मुलाकात का दिन था। इसी दौरान एक महिला बंदी से मिलने आयी जहां मोबाइल सिम देते हुए पकड़ी गई। सुरक्षा कर्मियों द्वारा रोके जाने पर बंदियों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। उसके बाद आक्रोशित बंदियों ने कमरे का ताला तोड़ दिया और लगभग 2 दर्जन बंदी पीछे की चहारदीवारी फांदकर फरार हो गए। 
वहीं सूत्रों के मुताबिक हंगामे के दौरान कुछ वरिष्ठ बंदी किचन तक भी पहुंच गये और गैस पाइप खींचकर धमकी देने लगे। इसके बाद भय का माहौल बनाकर अन्य बंदियों को बाहर निकाल दिया। 
बताया जा रहा है कि बाल सुधार गृह से कैदियों के फरार होने की यह पहली घटना नहीं है बल्कि ऐसी घटनाएँ कई बार हो चुकी हैं। वर्ष 2022 से 2024 के दौरान भी कई बार बंदी रस्सी बांधकर या छत से कूदकर फरार हो चुके हैं। और हर बार एफआईआर दर्ज होने के बावजूद सुरक्षा व्यवस्था में कोई सुधार नहीं हो सका है।  
एसडीओ राजीव कुमार सिन्हा ने जानकारी दी कि प्रारंभिक जांच में अभिभावकों द्वारा अवैध रूप से सिम कार्ड उपलब्ध कराने की कोशिश की गई थी। वहीं सुरक्षाकर्मियों की लापरवाही भी सामने आई है। इस मामले में होमगार्ड, बीसैप के सिपाही और अधीक्षक स्तर पर गंभीर गड़बड़ी देखी गयी है। ज्सिके बाद कार्रवाई शुरू कर दी गई है। 4 बंदियों को पकड़ लिया गया है वहीं आब्की 20 की तलाश जारी है। 
 

Tags - bihar news bihar latest news bihar update bihar khabar bihar trending news jahanabad news jahanabad baal sudhar grih Child Observation Homes