logo

बेतिया में 2 एटीएम से 25 लाख साफ, गश्ती में लापरवाही पर दो थाना प्रभारी निलंबित; 8 पुलिसकर्मियों का वेतन रुका

एटीएम.jpg

द फॉलोअप डेस्क
बेतिया से चोरी की दो बड़ी घटना सामने आ रही है, जहां एक ही रात में दो अलग-अलग जगहों पर एटीएम मशीनों से गैस कटर से काटकर 25 लाख 26 हजार 300 रुपए चोरी कर लिए गए। इस घटना के बाद इलाके और पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया है। वहीं पुलिस विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की है। 
इस घटना के बाद एसपी डॉ। शौर्य सुमन ने जहां दो थाना प्रभारी को निलंबित कर दिया है, साथ ही चंपारण रेंज के डीआईजी हरी किशोर राय ने पेट्रोलिंग टीम में शामिल आठ पुलिसकर्मियों के वेतन पर रोक लगाते हुए उनसे जवाब माँगा है। जानकारी के मुताबिक चोरी की यह वारदात नौतन थाना और नगर थाना क्षेत्र में स्थित दो अलग-अलग एटीएम में हुई है। चोरों ने गैस कटर की मदद से एटीएम मशीन को काटकर लाखों रुपए उड़ा लिए। 
बताया जा रहा है कि जिस समय यह घटना हुई, उसी दौरान संबंधित इलाकों में पुलिस की गश्ती ड्यूटी निर्धारित थी। इसके बावजूद चोर बेखौफ होकर वारदात को अंजाम देने में सफल रहे। जिसके बाद पुलिस विभाग द्वारा आंतरिक जांच की गई, तो प्रथम दृष्टया यह बात सामने आई कि गश्ती ड्यूटी में गंभीर लापरवाही बरती गई है। निर्धारित समय पर पुलिस वाहन इन इलाकों में गश्त नहीं कर रहे थे, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने दोनों एटीएम को निशाना बनाया। 
लापरवाही बरतने के आरोप में बेतिया एसपी डॉ। शौर्य सुमन ने कड़ा कदम उठाते हुए थाना प्रभारी अजय कुमार और सुदामा प्रसाद को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। वहीं चंपारण रेंज के डीआईजी हरी किशोर राय ने नौतन थाना और नगर थाना की पेट्रोलिंग टीम में शामिल कुल आठ पुलिस अधिकारियों और कर्मियों के वेतन पर तत्काल रोक लगा दी है। वहीं इस मामले में डीआईजी हरी किशोर राय ने विस्तृत रिपोर्ट भी मांगी है। विभागीय स्तर पर यह भी जांच की जा रही है कि कहीं इस मामले में किसी प्रकार की मिलीभगत तो नहीं है।
 

Tags - bihar news bihar khabar bihar update Bettiah news Bettiah khabar Bettiah update theft news theft khabar