logo

मशहूर डॉक्टर दंपति की गाड़ी को कंटेनर ने पीछे से मारी जोरदार टक्कर, हादसे में दोनों की दर्दनाक मौत

utykityu.jpg

द फॉलोअप डेस्क
वैशाली के मुजफ्फरपुर-हाजीपुर एनएच 22 पर शनिवार सुबह घने कोहरे के कारण एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सराय थाना क्षेत्र के टोल प्लाजा के पास तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े एक कंटेनर से पीछे से टकरा गई। यह टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
इस दर्दनाक हादसे में अररिया सदर अस्पताल में कार्यरत मशहूर चिकित्सक डॉ. जितेंद्र प्रसाद (50 वर्ष) और उनकी पत्नी (45 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि डॉक्टर दंपति मूल रूप से पटना के निवासी थे और अररिया से अपने घर पटना लौट रहे थे, तभी बीच रास्ते में काल ने उन्हें घेर लिया।
हादसे का मुख्य कारण सुबह करीब 4 बजे छाया घना कोहरा और कम विजिबिलिटी (दृश्यता) को माना जा रहा है। विजिबिलिटी कम होने की वजह से कार चालक सड़क किनारे खड़े कंटेनर को देख नहीं पाया और सीधे उसमें जा घुसा। घटना के बाद कंटेनर चालक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया।
सूचना मिलते ही सराय थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। पुलिस ने घायल चालक को इलाज के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर में भर्ती कराया है, जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। आश्चर्यजनक रूप से कार में मौजूद पालतू कुत्ता इस भीषण टक्कर के बाद भी सुरक्षित बच गया है।
सराय थानाध्यक्ष मणिभूषण कुमार ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने मामले की जानकारी मृतक के परिजनों को दे दी है और फरार कंटेनर चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।
 

Tags - bihar news bihar khabar bihar update bihar trending news vaishali news vaishali khabar vaishali update