logo

गया जी में हुई दिल दहला देने वाली घटना, ससुर ने नुकीले हथियार से फोड़ी बहु की आंख

murder_knife.jpg

द फॉलोअप डेस्क
बिहार के गया जी में देर से खाना दिये जाने पर एक महिला की उसके ससुर ने आँखें फोड़ दी। ससुर ने अपनी ही बहु पर ऐसा हमला किया कि अब वह जीवन में कभी देख नहीं पायेगी। मिली जानकारी के अनुसार ससुर ने उसकी नाक भी काट डाली। और कसूर केवल इतना कि महिला ने खाना देने में थोड़ी देर कर दी थी। ससुर हमले के बाद मौके से फरार हो गया। घायल महिला की पहचान इटवा गांव के रविंद्र चौधरी की 35 वर्षीय पत्नी लालो देवी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि महिला के पति विकलांग है। 
घटना रोशनगंज थाना इलाके के इटवा गांव की बताई जा रही है। हालांकि इस थाने के थानाध्यक्ष ने कहा है कि उन्हें इस संबंध में कोई जानकारी नहीं मिली है। परिजनों की तरफ से कोई लिखित आवेदन बांके बाजार थाना को प्राप्त नहीं हुआ है और ना ही परिवार के लोग घटना के बारे में पूरी जानकारी दे रहे हैं। वहीं रोशन गंज थाना प्रभारी अनुज राजा ने बताया कि "इटवा गांव मेरे थाना से एक-डेढ़ किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। इस घटना की मुझे जानकारी नहीं है। घर वालों ने किसी तरह की सूचना ना ही थाना को दी है और ना ही डायल 112 की पुलिस टीम को दी गई है। थाना में अभी तक ना मौखिक और लिखित कोई सूचना प्राप्त हुई है। हालांकि हम अपने स्तर से जानकारी लेंगे।''
घायल महिला को तत्काल इलाज के लिए बांके बाजार हेल्थ सेंटर में भर्ती कराया गया जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद गयाजी में स्थित अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल(ANMMCH) रेफर कर दिया। हालांकि मिली जानकारी के अनुसार परिजनों ने उसके बेहतर इलाज के लिए उसे रांची के किसी निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां घायल महिला की स्थिति नाजुक बनी हुई है। 

बांके बाजार PHC के प्रभारी डॉ अवधेश ने बताया कि गुरुवार की रात को एक महिला को अस्पताल लाया गया था, जिसकी आंखों पर गहरा घाव था। साथ ही उसकी नाक भी कटी हुई थी। महिला गंभीर रूप से घायल थी, जिसको प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर इलाज के लिए ANMMCH रेफर कर दिया गया था।
स्थानीय लोगों के अनुसार महिला के पति रवेंद्र चौधरी दिव्यांग हैं और गांव में ही रहकर खेती करते हैं। 

Tags - bihar news bihar latest news bihar latest update bihar khabar bihar crime bihar crime news gaya ji news gaya ji crime news gaya ji latest news gaya news gaya latest news