द फॉलोअप डेस्क
पटना के इनकम टैक्स गोलंबर पर गुरुवार दोपहर उस दौरान अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक एक चलती टाटा सूमो कार में भीषण आग लग गई। यह घटना दोपहर करीब 1:15 बजे की बताई जा रही है। घटना इतनी भयावह थी कि कुछ ही मिनटों में पूरी कार आग के गोले में बदल गई। शहर के इस सबसे व्यस्त चौराहे पर हुए हादसे से सड़क पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया और घंटों तक परिचालन बंद रहा।.jpg)
मिली जानकारी के अनुसार, टाटा सूमो के ड्राइवर को जैसे ही गाड़ी में आग लगने का आभास हुआ, उसने सूझबूझ के साथ तुरंत कार को बीच सड़क पर खड़ा कर दिया। उसके बाद ड्राइवर और गाड़ी में सवार अन्य लोग जल्दी से बाहर निकल गए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई। हालांकि, तब तक आग की लपटें तेजी से फैल चुकी थीं और कुछ ही देर में कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को नियंत्रित करते हुए बचाव कार्य शुरू कर दिया। वहीं बड़े हादसे को रोकने के लिए इनकम टैक्स गोलंबर पर गाड़ियों की आवाजाही को रोक दिया गया, जिससे बेली रोड पर वाहनों की लंबी लाइन लग गईं। स्थानीय लोगों और पुलिस के प्रयास से आग पर काबू पाने की कोशिश की गई, लेकिन आग की लपटें तेज होने के कारण काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।