logo

पटना में पुआल की झोपड़ी में लगी आग, बेबस पिता की आंखों के सामने जिंदा जल गए दो मासूम

DEATH_CHILD.jpg

द फॉलोअप डेस्क
पटना से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां झोपड़ी में लगी भीषण आग में भाई-बहन की जिंदा जलकर मौत हो गई। घटना शनिवार देर शाम मसौढ़ी अनुमंडल अंतर्गत भगवानगंज थाना क्षेत्र के दनारा गांव का बताया जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक खलिहान में बने पुआल की झोपड़ी के अंदर विकास कुमार के तीन बच्चे खेल रहे थे। इसी दौरान तीन वर्षीय बेटा अंशु कुमार आग लगने से पहले बाहर निकल गया, जबकि प्रियांशु और मानसी अंदर ही फंस गए। जिससे दोनों मासूम बच्चों की जिंदा जलकर मौत हो गई। वहीं सामने खड़े पिता अपने दो मासूमों को ज़िंदा जलता देखते रह गए, लेकिन बचा नहीं सके। मृतकों की पहचान किसान विकास कुमार के पुत्र प्रियांशु कुमार (6 वर्ष) और पुत्री मानसी कुमारी (2 वर्ष) के रूप में हुई है। 
वहीं प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पास के लगे बिजली के तार में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे पुआल की झोपड़ी में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि बच्चों को बाहर निकलने का वक्त ही नहीं मिला और दोनों उसी झोपड़ी में जल गए। 
घटना की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दी गई, जिसके बाद भगवानगंज थाना पुलिस अपने दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच में जुट गए। वहीं मौके पर पहुंचे भगवानगंज थाना प्रभारी सुजीत कुमार ने बताया घटना के समय विकास कुमार खेत में काम कर रहे थे। इसी बीच झोपड़ी में आग लग गई। आग लगी देख विकास वहां पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश में जुट गए। लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ भी नहीं किया जा सका। और अपने बच्चों को जलता देखते रह गए। 
थाना प्रभारी ने आगे बताया कि ग्रामीणों के पहुंचने से पहले ही दोनों बच्चों की जान चली गई। घटना के बाद पूरे गांव शोक में डूबा हुआ है। वहीं परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, वहीं पूरे मामले की जांच में भी जुट गई है।
 

Tags - bihar news bihar khabar bihar update bihar trending news patna news patna khabar patna update