logo

मुजफ्फरपुर में महिला और 3 बच्चों की नृशंस हत्या, गंडक नदी से बरामद हुए शव; प्रेम-प्रसंग से जुड़ा है मामला

DEADBODY1.jpg

द फॉलोअप डेस्क
मुजफ्फरपुर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक महिला और उसके तीन मासूम बच्चों की नृशंस हत्या कर दी गई। गुरुवार को लकड़ी ढाई पुल के नीचे बूढ़ी गंडक नदी के किनारे चारों के शव एक ही दुपट्टे से बंधे हुए बरामद हुए हैं। शवों की स्थिति देखकर आशंका जतायी जा रही है कि अपहरण के दिन ही उनकी हत्या कर दी गई थी।
मृतका की पहचान अहियापुर निवासी ममता देवी (22 वर्ष) और उसके तीन बच्चों, आदित्य (6 वर्ष), अंकुश (4 वर्ष) और कृति (2 वर्ष) के रूप में हुई है। ममता 10 जनवरी को बाजार जाने के बहाने घर से निकली थी और तभी से लापता थी। पति कृष्ण मोहन, जो पेशे से एक ऑटो ड्राइवर है, उन्होंने 12 जनवरी को थाने में अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। वहीं पुलिस की जांच में पता चला है कि ममता और उसके पति, दोनों का ही अलग-अलग अफेयर चल रहा था। घटना के बाद एक अज्ञात व्यक्ति ने पति को फोन कर दावा किया था कि वह ममता से शादी करने वाला है और उसे खोजने की कोशिश न करें। पुलिस को इस बातचीत की कॉल रिकॉर्डिंग भी मिली है।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए औराई से अमोद नामक एक आरोपी को हिरासत में लिया है और अररिया के एक गायक 'मासूम दीवाना' की तलाश कर रही है। चौंकाने वाली बात यह है कि ममता के लापता होने के बाद उसकी भाभी और आरोपी अमोद के बीच लगातार फोन पर लंबी बातचीत हुई, जिसका ऑडियो क्लिप पुलिस के हाथ लगा है।
अहियापुर पुलिस अब पति कृष्ण मोहन, उसकी भाभी और हिरासत में लिए गए आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है। पुलिस को शक है कि यह पूरी साजिश पति-पत्नी के आपसी विवाद और अवैध संबंधों के कारण रची गई। फिलहाल चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा किया जायेगा।
 

Tags - bihar news bihar khabar bihar update bihar latest news mauzaffarpur news muzaffarpur khabar crime news crime update