द फॉलोअप डेस्क
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भारत रत्न देने की केसी त्यागी की मांग के बाद अब बिहार की सियासत में नया मोड़ आ गया है। दिल्ली में मोतियाबिंद का सफल ऑपरेशन कराकर शनिवार को पटना लौटे आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के लिए भी भारत रत्न की मांग उठ गई है। आरजेडी एमएलसी सैयद फैसल अली राबड़ी आवास पर लालू यादव से मुलाकात करने पहुंचे थे। मुलाकात के बाद उन्होंने कहा कि अगर देश में सामाजिक न्याय के लिए कोई इस सर्वोच्च सम्मान का असली हकदार है, तो वह लालू प्रसाद यादव हैं।.jpeg)
सैयद फैसल अली ने नीतीश कुमार का नाम लिए बिना निशाना साधा और कहा कि लालू यादव ने समाज में बराबरी और सामाजिक बदलाव की जो ऐतिहासिक लड़ाई लड़ी है, उसका कोई सानी नहीं है। उन्होंने कहा कि लालू जी के शासनकाल में जाति या धर्म के आधार पर कभी भेदभाव नहीं हुआ और उन्होंने दबे-कुचले वर्गों को आवाज दी। एमएलसी के अनुसार, लालू यादव की लोकप्रियता और उनके संघर्षों को देखते हुए उन्हें भारत रत्न देना पूरे देश के वंचित समाज का सम्मान होगा।
लालू यादव की सेहत पर जानकारी साझा करते हुए फैसल अली ने बताया कि ऑपरेशन के बाद लालू जी पूरी तरह स्वस्थ और ऊर्जावान महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भले ही वह पिछले कुछ समय से शारीरिक रूप से अस्वस्थ रहे हों, लेकिन उनका राजनीतिक हौसला और मनोबल आज भी उतना ही मजबूत है। समर्थकों की भारी भीड़ और नेताओं की मौजूदगी यह दर्शाती है कि लालू यादव आज भी बिहार की राजनीति के केंद्र में हैं और जल्द ही पूरी तरह सक्रिय नजर आएंगे।.jpg)
वहीं, लैंड फॉर जॉब मामले में इस्तीफे की मांग को लेकर उन्होंने सत्ता पक्ष पर भी पलटवार किया। फैसल अली ने इसे राजनीतिक द्वेष बताते हुए सवाल किया कि क्या सत्ता पक्ष ने अपने दागी नेताओं से कभी इस्तीफे मांगे हैं? उन्होंने तेजस्वी यादव को देश का सबसे प्रभावशाली युवा नेता करार दिया और कहा कि ऐसे आरोपों से उनकी लोकप्रियता कम नहीं होगी। नीतीश कुमार को भारत रत्न देने के सवाल पर उन्होंने अंत में तंज कसा कि पहले उनकी पार्टी को इस मुद्दे पर एक राय बनानी चाहिए।
सैयद फैसल अली के इस बयान पर तेज प्रताप यादव ने भी अपनी बात रखी है, उन्होंने कहा कि लालू जी को यह सम्मान मिलना ही चाहिए, इसमें कोई समस्या नहीं है। उन्होंने घोषणा की कि वे अपनी पार्टी 'जनशक्ति जनता दल' की ओर से भारत सरकार को इस संबंध में एक पत्र भी लिखेंगे।
नीतीश कुमार को 'चूड़ा-दही भोज' में आमंत्रित करने के सवाल पर तेज प्रताप ने कहा कि वे सबको आमंत्रित कर रहे हैं। उन्होंने मीडिया से कहा, "मैं तो हर जगह जाऊंगा, आप लोग क्यों बेचैन हैं? मैं सबको न्योता दे रहा हूं।" इसके साथ ही उन्होंने सोमनाथ स्वाभिमान पर्व पर खुशी जताते हुए कहा कि मंदिर का पुनर्निर्माण अच्छी बात है और वे खुद भी जल्द ही एक भव्य शिव मंदिर का निर्माण करवाने जा रहे हैं।
तेज प्रताप यादव ने अपनी बहन रोहिणी आचार्य के हालिया ट्वीट का भी खुलकर समर्थन किया। उन्होंने कहा कि रोहिणी ने जो ट्वीट किया है वह बिल्कुल सही है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि हर कोई जानता है कि वह ट्वीट किसके बारे में है और इसके पीछे का इशारा क्या है, इसलिए उन्हें इसे अलग से स्पष्ट करने या ज़ोर से कहने की ज़रूरत नहीं है।