logo

नई पार्टी बनाएंगे अनंत सिंह! निष्कासन पर बोले– नीतीश जी से मिलता रहूंगा

नई पार्टी बनाएंगे अनंत सिंह! निष्कासन पर बोले– नीतीश जी से मिलता रहूंगा

द फॉलोअप डेस्क:

बिहार (Bihar) में जदयू (JDU) से निष्कासित किए जाने के बाद मोकामा विधायक अनंत सिंह (Anant Singh) ने पार्टी के फैसले पर खुलकर अपनी बात रखी है। उन्होंने कहा कि उन्हें पार्टी से निकाले जाने का कोई अफसोस नहीं है। अनंत सिंह ने संकेत दिया कि वह अपनी अलग पार्टी भी बना सकते हैं। उन्होंने निष्कासन की कार्रवाई को लेकर कहा कि पार्टी ने जो किया, ठीक किया। उनके मुताबिक, जनता ही असली मालिक है और वह अपने तरीके से हर फैसले का जवाब देगी।

नीतीश कुमार से नहीं है कोई दूरी

अनंत सिंह ने जदयू और नीतीश कुमार को लेकर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार से उनकी कोई दूरी या लड़ाई नहीं है और वह कभी उनकी बुराई नहीं करेंगे। अनंत सिंह ने पार्टी की मौजूदा स्थिति पर सवाल उठाते हुए कहा कि जदयू नीतीश कुमार की पार्टी रही है और उनके कमजोर होने के साथ पार्टी की स्थिति भी प्रभावित हुई है। उन्होंने कहा कि अगर वह गलत हैं, तो जनता उन्हें जवाब देगी और अगर पार्टी गलत है, तो जनता पार्टी को जवाब देगी।

चुनाव में 10 सीटें भी नहीं मिलने का दावा

भविष्य की राजनीति और चुनाव लड़ने की रणनीति पर अनंत सिंह ने कहा कि अभी इस बारे में कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। हालांकि, उन्होंने अपनी पार्टी बनाने की संभावना से इनकार नहीं किया। जदयू के चुनावी प्रदर्शन पर निशाना साधते हुए उन्होंने दावा किया कि आगामी चुनाव में पार्टी को 10 सीटें भी नहीं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि चुनाव होने पर सब कुछ स्पष्ट हो जाएगा। साथ ही, अनंत सिंह ने नीतीश कुमार की तबीयत का जिक्र करते हुए कहा कि वह बीमार रहते हैं और मौका मिलने पर उनसे मुलाकात करेंगे।

Tags - Bihar News Bihar Latest News Anant Singh JDU Expelled Anant Singh News Today Anant Singh Statement