logo

हवाई हमले का डर : बिहार के 6 जिलों में आज 15 मिनट के लिए छाएगा अंधेरा, सायरन बजते ही बंद करनी होगी लाइट

30म.jpg

द फॉलोअप,बिहार
आज शाम को पटना समेत बिहार के 6 जिलों में बेगूसराय, पूर्णिया, कटिहार, अररिया और किशनगंज के कई इलाकों में सायरन की आवाज गूंजेगी और लोगों से अपने घरों, दुकानों और प्रतिष्ठानों की लाइट बंद रखने को कहा जाएगा। बिहार के इन जिलों में यह पूरा अभ्यास सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल के तहत किया जाएगा। इसे लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।

मॉक ड्रिल का उद्देश्य
पटना जिला प्रशासन के मुताबिक 14 मई को शाम 7 बजे से 7 बजकर 15 मिनट तक सिविल डिफेंस और ब्लैक आउट मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। इस दौरान नागरिक सुरक्षा से जुड़े जरूरी अभ्यास किए जाएंगे। प्रशासन ने साफ किया है कि यह किसी वास्तविक खतरे की स्थिति नहीं, बल्कि आपातकालीन तैयारी को मजबूत करने के लिए किया जा रहा अभ्यास है। दरअसल इस मॉक ड्रिल का मुख्य मकसद लोगों को यह समझाना है कि अगर कभी हवाई हमले या किसी बड़ी आपदा जैसी स्थिति बने तो खुद को कैसे सुरक्षित रखना है। सायरन बजने के साथ लोगों को सतर्क रहना होगा और ब्लैक आउट नियमों का पालन करना होगा ताकि आपातकालीन प्रतिक्रिया की तैयारी मजबूत हो सके।

प्रशासन ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि तय समय पर जैसे ही सायरन बजे, घरों, दुकानों और अन्य प्रतिष्ठानों की लाइट तुरंत बंद कर दें। कुछ देर के लिए पूरे इलाके में ब्लैक आउट जैसा माहौल बनाया जाएगा। अधिकारियों ने कहना है कि इस दौरान लोग घबराएं नहीं और इसे सिर्फ सुरक्षा अभ्यास समझें। अस्पताल, इमरजेंसी सेवाएं और अन्य जरूरी सुविधाएं इस दौरान सामान्य रूप से काम करती रहेंगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आम लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सेवाओं पर कोई असर नहीं पड़ेगा। मॉक ड्रिल के दौरान जिला प्रशासन का कंट्रोल रूम एक्टिव रहेगा। किसी भी जानकारी या सहायता के लिए 0612-2210118 नंबर जारी किया गया है। लोगों से कहा गया है कि जरूरत पड़ने पर इसी नंबर पर संपर्क करें।

Tags - Bihar blackout drill air strike mock drill Patna blackout today Bihar civil defense drill siren alert Bihar