logo

बिहार इंटर बोर्ड की परीक्षा आज से शुरू, 13 लाख से ज्यादा छात्र होंगे शामिल

BOARD.jpg

द फॉलोअप डेस्क
बिहार बोर्ड इंटरमीडिएट की वार्षिक परीक्षा आज, 2 फरवरी से कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हो रही है। 13 फरवरी तक चलने वाली इस परीक्षा में पूरे राज्य से कुल 13 लाख 17 हजार 846 विद्यार्थी शामिल हो रहे हैं। राजधानी पटना में 84 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां लगभग 74 हजार छात्र-छात्राएं परीक्षा में बैठेंगे। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और धारा 144 के तहत केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में बाहरी व्यक्तियों का प्रवेश वर्जित है।
नकल रोकने और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए इस बार त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है। परीक्षार्थियों को दो स्तरों पर सघन तलाशी के बाद ही केंद्र में प्रवेश दिया जा रहा है। सीसीटीवी कैमरों की सख्त निगरानी के साथ-साथ पूरी परीक्षा की वीडियोग्राफी भी कराई जा रही है। प्रत्येक 500 विद्यार्थियों पर एक वीडियोग्राफर की तैनाती की गई है। परीक्षा केंद्रों के आसपास फोटोकॉपी की दुकानों और साइबर कैफे को बंद रखने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।
छात्राओं के लिए इस बार विशेष 'मॉडल केंद्र' आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। पूरे राज्य में कुल 152 और पटना में 4 मॉडल केंद्र बनाए गए हैं, जहां छात्राओं का स्वागत फूलों और गुब्बारों से किया जा रहा है। इन केंद्रों की खास बात यह है कि यहां वीक्षक से लेकर सुरक्षाकर्मी तक सभी महिलाएं हैं। प्रवेश द्वार से लेकर परीक्षा हॉल तक रेड कारपेट बिछाया गया है और छात्राओं की सहायता के लिए विशेष हेल्पडेस्क भी स्थापित किए गए हैं।
प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि परीक्षा केंद्र के भीतर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच या किसी भी प्रकार का इलेक्ट्रॉनिक गैजेट ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित है। सभी जिलों के डीएम और एसपी स्वयं केंद्रों का औचक निरीक्षण कर रहे हैं ताकि शांतिपूर्ण और कदाचार मुक्त परीक्षा सुनिश्चित की जा सके। 
 

Tags - bihar news bihar khabar bihar update bihar trending news bihar board intermediate bihar board exam