द फॉलोअप,बिहार
बिहार के 20 जिलों में आज तेज आंधी-तूफान, मेघ-गर्जन और आकाशीय बिजली गिरने के साथ भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने इसे देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

18 जिलों को ग्रीन जोन में
मौसम विभाग का कहना है कि बिहार में धीरे-धीरे प्री-मानसून गतिविधियां सक्रिय हो रही हैं, जिसके कारण राज्य के उत्तरी क्षेत्रों में बादल, आंधी और हल्की बारिश की स्थिति बन रही है। वहीं राज्य के दक्षिण भागों के 18 जिलों को ग्रीन जोन में रखा गया है, जहां फिलहाल मौसम सामान्य रहने की संभावना है।

मौसम विभाग ने दी लोगों को सलाह
मौसम विभाग की माने तो आज राज्य का अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। 18 और 19 मई को तापमान बढ़कर 38 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है, जबकि 20 मई को पारा 39 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक, राजधानी पटना में भी अगले चार दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। खराब मौसम को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों से खुले स्थानों पर नहीं जाने की अपील की है। खासकर किसानों को इस समय खेतों में काम न करने की सलाह दी है।