द फॉलोअप, बिहार
बिहार में आंधी-बारिश के बाद एक बार फिर गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य के 6 जिलों में भीषण गर्मी की चेतावनी जारी की है। राजधानी पटना समेत गया और राज्य के कई जिलों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई गई है। मंगलवार को राज्य का सबसे गर्म कैमूर जिले के भभुआ रहा, जहां अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इन जिलों में चेतावनी
मौसम विभाग ने जिन 6 जिलों में भीषण गर्मी को लेकर चेतावनी जारी की है उसमें बक्सर, भोजपुर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद और अरवल शामिल है। एक तरफ जहां मई के अंतिम सप्ताह और जून की शुरुआत में हुई प्री-मानसून बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली थी, वहीं अब बारिश की गतिविधियां कमजोर पड़ती दिख रही हैं। इस दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में आसमान साफ रहने और बादलों की कमी के कारण तेज धूप सीधे जमीन को गर्म कर रही है। इस कारण दिन का तापमान लगातार बढ़ रहा है।

12 से 16 जून के बीच पहुंच सकता है मानसून
मौसम विभाग की माने तो दक्षिण-पश्चिम मानसून 12 से 16 जून के बीच राज्य में प्रवेश करने की संभावना है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मानसून के सक्रिय होने तक बिहार के दक्षिणी और पश्चिमी हिस्सों में गर्म हवाओं और उमस का असर बना रह सकता है। मानसून की रफ्तार धीमी रही तो कई जिलों में तापमान 40 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रह सकता है। वहीं राजधानी पटना में बुधवार को मौसम साफ रहने, तेज धूप लोगों को परेशान कर सकती है।