द फॉलोअप डेस्क
बिहार के नवादा से एक बुरी खबर सामने आ रही है। यहां बाइक सवार 2 लड़कों को तेज रफ्तार ने अपनी चपेट में ले लिया, इससे घटनास्थल पर ही दोनों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि घटना नगर थाना क्षेत्र के बुधौल में स्थित पेट्रोल पंप के पास की है। वहीं, पुलिस ने बुरी तरह से दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया है। इसके साथ ही मृतकों के शवों को भी पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है।
तेज रफ्तार के कारण गई जान
मिली जानकारी के अनुसार, मृतकों ने हैलमेट पहन रखा था। लेकिन रफ्तार ज्यादा होने के कारण दोनों की मौत हो गई। वहीं, घटना के बाद से मृतकों के परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि तेज गति से आ रहे बाइक सवार युवक ने सड़क पर खड़ी एक ट्रैक्टर को पीछे से टक्कर मार दी थी। इस हादसे में बाइक के परखच्चे उड़ गये थे। वहीं, मृतकों की पहचान सद्भावना चौक अंबेडकर नगर निवासी जेवर कारोबारी अर्जुन प्रसाद साव के बेटे आर्यन राज उर्फ हर्ष और उसके दोस्त अंबेडकर नगर दांगी टोला के रहने वाले शिक्षक अरविंद गिरी के बेटे सूर्यांश गिरी उर्फ रित के रूप में की गई है। बताया गया कि हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने दोनों किशोरों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक दोनों दम तोड़ चुके थे। स्थानीय लोगों ने क्या बताया
बता दें कि स्थानीय लोगों के मुताबिक मृत युवक हर्ष के पिता ने 4-5 दिनों पहले ही नई बाइक खरीदी थी। वह रविवार को अपने दोस्त सूर्यांश के साथ बाइक लेकर निकला था और काफी तेज स्पीड में बाइक चला रहा था। इस दौरान हर्ष ने सामने खड़ी ट्रैक्टर में जोरदार टक्कर मार दी। इस टक्कर में दोनों की जान चली गई। वहीं, हादसे की जानकारी मिलने पर घटनास्थल पर भीड़ जुट गई।
सोशल मीडिया के जरिए हुई मृतकों की पहचान
वहीं, इस घटना के संबंध में जानकारी देते हुए नवादा नगर थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि मृतकों को पहचानना काफी मुश्किल हो रहा था। लेकिन कुछ देर जांच करने के बाद सोशल मीडिया के माध्यम से मृत लड़कों की पहचान हो गयी। इसके बाद मृतकों के परिजनों को घटना की जानकारी दी गई, तो वो लोग अस्पताल पहुंचे। फिर, पोस्टमॉर्टम के बाद उन्हें लड़कों के शव सौंप दिये गये। हालांकि, इस मामले में पुलिस कार्रवाई कर रही है। इस घटना में स्थानीय लोगों ने दोनों मृतक के परिवारों के लिए उचित मुआवजे की मांग की है।