द फॉलोअप डेस्क
बिहार के दरभंगा में बर्ड फ्लू की दस्तक ने प्रशासन और स्थानीय लोगों के बीच हड़कंप मचा दिया है। शहर के वार्ड संख्या 31 सहित जिले के विभिन्न हिस्सों में बड़ी संख्या में कौओं की मौत की खबरें सामने आ रही हैं। पशुपालन विभाग ने इस संक्रमण की पुष्टि कर दी है, जिसके बाद पूरे इलाके में अलर्ट जारी कर दिया गया है।.jpeg)
स्थानीय पार्षदों के अनुसार, अब तक लगभग 10 हजार से अधिक कौओं की मौत हो चुकी है। शुरुआत में श्मशान घाट और आसपास के इलाकों में पक्षियों के गिरने की शिकायत मिली थी, जिसके बाद जिलाधिकारी को सूचित किया गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विभाग ने तुरंत जांच के नमूने लैब भेजने का निर्णय लिया था।
पशुपालन विभाग द्वारा 12 जनवरी को मृत कौओं के सैंपल भोपाल स्थित लैब भेजे गए थे, जिसकी रिपोर्ट में बर्ड फ्लू के वायरस की पुष्टि हुई है। रिपोर्ट आने के बाद नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है ताकि इस संक्रमण को फैलने से रोका जा सके।.jpg)
संक्रमण के खतरे को देखते हुए मृत कौओं के निस्तारण के लिए सुरक्षात्मक कदम उठाए गए हैं। वार्ड पार्षद और नगर निगम की टीम ने पीपीई किट पहनकर हजारों मृत कौओं को इकट्ठा किया। इसके बाद जेसीबी की मदद से गहरा गड्ढा खोदकर वैज्ञानिक विधि से उन्हें जमीन में दफनाया गया, ताकि वायरस अन्य जानवरों या इंसानों तक न पहुंचे।
पशुपालन पदाधिकारी डॉ. मो. इंतखाब अख्तर ने बताया कि अब जिले के सभी पोल्ट्री फार्मों की सघन जांच की जाएगी। डॉक्टरों की विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं, जो मुर्गियों में संक्रमण के लक्षणों की निगरानी करेंगी। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे पक्षियों की असामान्य मौत दिखने पर तुरंत विभाग को सूचित करें।