द फॉलोअप डेस्क
गयाजी से एक बड़ी दर्दनाक खबर आ रही है, जहां बोरसी के धुएं से तीन की मौत हो गयी। घटना जिले के वजीरगंज थाना अंतर्गत कुर्किहार स्थित एकता ग्राम का बताया जा रहा है। मृतकों की पहचान गांगो मांझी की 60 वर्षीय पत्नी मीना देवी, उनके 3 वर्षीय नाती सुजीत कुमार और 5 वर्षीय नातिन अंशु कुमारी के रूप में हुई है।.jpeg)
बताया जा रहा है कि मीना देवी घर में बोरसी जलाकर अपने नातिन के साथ सोई हुई थी। कमरे का दरवाजा और खिड़की बंद थी, जिस कारण धुआं कमरे में फैल गया। और तीनों की दम घुटने से मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि कमरे में धुआं भर गया था। देर रात कुछ काम को लेकर दरवाजा खोला तो तीनों बेसुध हालत में पड़े थे। आशंका होने पर तीनों को उठाने की कोशिश की गई, लेकिन कोई हलचल नहीं हुई। इसके बाद तीनों को लेकर अस्पताल गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही वजीरगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी है। फिलहाल तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया है। वजीरगंज थानाध्यक्ष नीरज कुमार ने बताया कि प्रथानिक जांच में तीनों की मौत का कारण बोरसी के धुएं से दम घुटना बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा।
इधर घटना के बाद से गांव में शोक की लहर है। वहीं परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। लोगों ने बताया कि बच्चों की मां काजल देवी हाल ही के दिनों में अपने मायके आई थी। इसके बीच यह घटना हो गई।