logo

मम्मी आपकी बेटी हार गई... वैशाली में BPSC शिक्षिका ने की आत्महत्या, सुसाइड नोट में लिखी झकझोर देने वाली बातें

dfh.jpg

द फॉलोअप डेस्क
बिहार के वैशाली जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां कटहरा थाना क्षेत्र के सेहान गांव में एक बीपीएससी शिक्षिका ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका का शव उनके किराए के मकान से बरामद हुआ है। शिक्षिका मूल रूप से जंदाहा के रसूलपुर गांव की रहने वाली थीं और वर्तमान में खाजे चांद छपरा गांव के एक स्कूल में पदस्थापित थीं।
घटनास्थल से पुलिस को एक सुसाइड नोट और मृतका का मोबाइल बरामद हुआ है। नोट में शिक्षिका ने भावुक अपील करते हुए लिखा है कि उनकी मौत के लिए किसी को जिम्मेदार न ठहराया जाए। उन्होंने अपनी मां और भाई से माफी मांगते हुए लिखा, "आपकी बेटी हार गई।" चौंकाने वाली बात यह है कि उन्होंने अपनी तीन महीने की मासूम बेटी से मुखाग्नि दिलवाने और पति को अंतिम संस्कार से दूर रखने की इच्छा जताई है।
मृतका के पति रक्सौल में बैंक के डिप्टी ब्रांच मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। शिक्षिका ने अपने मोबाइल के नोट्स में कुछ ऑडियो, वीडियो और मैसेज छोड़े हैं, जिनका पासवर्ड उनके पति को पता है। पुलिस अब इन डिजिटल साक्ष्यों के जरिए मौत के पीछे की असली वजह तलाशने की कोशिश कर रही है, क्योंकि सुसाइड नोट में कई व्यक्तिगत और पारिवारिक संकेत छिपे हुए हैं।
दूसरी ओर, मृतका के मायके वालों ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार कर दिया है। मृतका के मामा ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए कहा कि एक सफल शिक्षिका अपनी तीन महीने की बच्ची को इस तरह कभी नहीं छोड़ सकती। परिजनों का दावा है कि शिक्षिका ने पहले भी अपनी मां को ससुराल में टॉर्चर किए जाने की बात बताई थी, जिससे मामला संदिग्ध हो गया है।
पुलिस और एफएसएल (FSL) की टीम ने मौके पर पहुंचकर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं। थानाध्यक्ष संजीव कुमार दुबे के अनुसार, शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर भेज दिया गया है। पुलिस फिलहाल बरामद लेटर, मोबाइल डेटा और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले की जांच कर रही है ताकि यह साफ हो सके कि यह आत्महत्या है या इसके पीछे कोई गहरी साजिश।
 

Tags - bihar news bihar khabar bihar update bihar trending news vaishali news vaishali khabar suicide news