logo

नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में शामिल हुए CM नीतीश, 1283 डॉक्टरों की तैनाती से सुधरेगी जिलों की स्वास्थ्य व्यवस्था

नीतीश_कुमार_,,.jpg

द फॉलोअप डेस्क

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज 1283 नवनियुक्त आयुष चिकित्सकों (आयुर्वेदिक, होमियोपैथिक एवं यूनानी) के नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में शामिल हुए। मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित 'संवाद' में आयोजित इस नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में सांकेतिक रूप से मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त 10 आयुष चिकित्सकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया। इन नवनियुक्त 1283 आयुष चिकित्सकों में 685 आयुर्वेदिक, 393 होमियोपैथिक एवं 205 यूनानी चिकित्सक शामिल हैं। स्वास्थ्य विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री को पौधा भेंटकर उनका स्वागत किया।
मालूम हो कि स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने हेतु 1283 आयुष चिकित्सकों की नियुक्ति की गई है। चयन प्रक्रिया के क्रम में अभ्यर्थियों द्वारा दिये गये इच्छित जिलों के अनुरूप मेधासूची एवं रिक्ति उपलब्धता के आधार पर राज्य के सभी 38 जिलों के विभिन्न स्तर के स्वास्थ्य संस्थानों में इनका पदस्थापन किया गया है।
इन सभी नवनियुक्त 1283 आयुष चिकित्सकों को 'राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम' अंतर्गत संचालित 'चलंत चिकित्सा दल' एवं आयुष चिकित्सा सेवा अंतर्गत विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में ओपीडी (Outpatient Department) संचालन एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन अंतर्गत संचालित अन्य कार्यक्रमों में सहभागिता हेतु विभिन्न चिन्हित स्वास्थ्य संस्थानों में पदस्थापित किया जा रहा है। इससे विद्यालयों में बच्चों की स्वास्थ्य जाँच एवं स्वास्थ्य संस्थानों में बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करायी जा सकेगी।
इन नवचयनित आयुष चिकित्सकों के संबंधित स्वास्थ्य संस्थानों में पदस्थापन के पश्चात् स्कूली बच्चों की ससमय स्वास्थ्य जाँच कर बीमारी की पहचान एवं उपचार करने में काफी सुविधा होगी। इससे स्वास्थ्य व्यवस्था और ज्यादा बेहतर होगी। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Tags - bihar news bihar khabar bihar update CM nitish kumar nitish kumar news