द फॉलोअप,बिहार
CM सम्राट चौधरी ने 6 मई को कैबिनेट की बैठक बुला ली है। शाम 5 बजे मुख्य सचिवालय के मंत्रिमंडल कक्ष में बैठक होगी। सीएम सम्राट कैबिनेट की यह तीसरी बैठक होगी। कैबिनेट की बैठक बुलाए जाने से एक बात साफ है कि अब छह तारीख को मंत्रिमंडल का विस्तार नहीं होगा। मंत्रिमंडल का विस्तार अब छह के बाद और दस जून से पहले हो कभी भी हो सकता है।

अधिकारियों को दिए दिशा-निर्देश
बैठक पटना के मुख्य सचिवालय स्थित मंत्रिमंडल कक्ष में आयोजित होगी। जिसमें राज्य के सीएम, डीप्टी सीएम सहित मंत्रिमंडल के सभी सदस्य शामिल होंगे। बैठक को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। सरकार ने राज्यपाल के सचिव, विकास आयुक्त और वित्त विभाग के अपर मुख्य सचिव सहित सभी विभागों के प्रधान सचिवों और सचिवों को बैठक में उपस्थित रहने के निर्देश दे दिए हैं। इसके साथ ही, सचिवालय की सुरक्षा के लिए पुलिस उपाधीक्षक, विद्युत व्यवस्था हेतु अभियंता और भवन निर्माण विभाग को चाक-चौबंद इंतजाम करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। संयुक्त आयुक्त (वित्त विभाग) को अधिकारियों के बैठने के लिए सभाकक्ष के बगल वाले कमरे में विशेष व्यवस्था करने का अनुरोध किया गया है।

महत्वपूर्ण निर्णयों पर लग सकती है मुहर
इसके लिए सभी संबंधित विभागों को एजेंडा तैयार करने और संलेख प्राप्ति कोषांग को सूचना भेज दी गई है। संभावना जताई जा रही है कि इस बैठक में राज्य के विकास, योजनाओं और जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा होगी। साथ ही बैठक में मंत्रिमंडल विस्तार की स्वीकृति मिल सकती है। बैठक के सफल संचालन के लिए आईटी मैनेजर और सचिवालय भोजशाला के प्रबंधक को भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।