logo

महिला को खींचकर ले जा रहा था मगरमच्छ, फिर गांव वालों ने जो किया

सोुोी.jpg

द फॉलोअप डेस्क:

बिहार के पश्चिमी चंपारण में वीटीआर रिजर्व वन प्रमंडल 2 के वाल्मीकि नगर वन क्षेत्र से सटे रिहायशी क्षेत्र में वन्य जीवों का प्रवेश बढ़ गया है। उनके हमले काफी बढ़ गए हैं  इसी क्रम में गुरुवार को भीम सेनवा टोला के नजदीक झरहरवा गांव तिरहुत नहर में शौच करने गई एक महिला बदामी देवी (उम्र 45 वर्ष) पर एक मगरमच्छ ने हमला कर
दिया। मगरमच्छ ने महिला को बुरी तरह जख्मी कर दिया। महिला के शोर मचाने पर ग्रामीणों दौड़े, जिसके बाद मगरमच्छ पानी में चला गया। ग्रामीणों के सहयोग से महिला को उपचार के लिए पास के ही अस्पताल ले जाया गया। गौतालब है कि बीते शनिवार की सुबह भी थाना गोल चौक स्थि गंडक कॉलोनी में सोनू कुमार के घर में एक विशाल मगरमच्छ देखा गया था। यह मगरमच्छ गंडक नदी से भटक कर यहां पहुंचा था। जब घरवालों ने मगरमच्छ को देखा तो उनके होश उड़ गए। इसके बादफौरन वन विभाग को इसकी जानकारी दी और रेस्क्यू के लिए टीम पहुंची। वन कर्मियों की टीम ने घंटों की मशक्कत के बाद मगरमच्छ को पकड़ा और गंडक नदी में सुरक्षित जाकर छोड़ा था।  वनपाल ने लोगों से अपील किया है कि किसी भी प्रकार के जलीय जीव व वन्यजीव दिखाई दे तो उसके साथ छेड़छाड़ ना करें। इसकी सूचना वन विभाग को दे। 

भालू और कोबरा भी दिखा

वीटीआर वन प्रमंडल दो वाल्मीकिनगर वन क्षेत्र से सटे सिंचाई विभाग के अतिथि भवन जाने वाले मुख्य मार्ग में वन क्षेत्र से भटककर भालू के विचरण करने का सिलसिला नहीं थम रहा है। एक भालू पिछले सप्ताह से कॉलोनी के इर्द-गिर्द घूम रहा है। जिससे ग्रामीणों में दहशत है। इसी क्रम में बुधवार की सुबह जटाशंकर वन क्षेत्र से भटककर एक भालू अतिथि भवन जाने वाले मुख्य मार्ग में जा पहुंचा। भालू को देख लोग काफी डर गए। लेकिन लोगों ने शोर मचाया तो भालू जंगल में भाग गया। 

इधर वीटीआर वन प्रमंडल दो वाल्मीकिनगर वनक्षेत्र के कोतराहा गांव में तेरह फीट लंबा एक विशालकाय किंग कोबरा वाल्मीकि रिसोर्ट के समीप गांव में जा घुसा। इसके बाद ग्रामीण इधर-उधर भागने लगे। तत्काल इसकी सूचना वन विभाग को दी गयी। सूचना पर स्नेक कैचर की टीम ने घटनास्थल पर पहुंच घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद किंग कोबरा को रेस्क्यू कर लिया। रेस्क्यू के उपरांत किंग कोबरा को जटाशंकर वन क्षेत्र के कक्ष संख्या टी वन में छोड़ दिया गया।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N