द फॉलोअप डेस्क
बिहार के मसौढ़ी अंचल कार्यालय के RTPS काउंटर से एक बड़ा अजीबोगरीब मामला सामने आया है। आये दिन जहां आमजन को प्रमाण पत्र बनवाने में परेशानी का सामना करना पड़ता है, वहीं जानवरों का निवास प्रमाण पत्र बड़ी आसानी से बन जा रहा है। दरअसल बीते 24 जुलाई को एक ऐसा निवास प्रमाण पत्र जारी किया गया जिसमें एक जानवर की तस्वीर सहित उसका नाम और पता अंकित था। इस निवास प्रमाण पत्र में राजस्व पदाधिकारी मुरारी चौहान का डिजिटल हस्ताक्षर किया हुआ था। 
इस प्रमाण पत्र संख्या BRCCO 2025/15933581 में नाम डॉग बाबू दर्ज था वहीं पिता का नाम कुत्ता बाबू और माता का नाम कुटिया देवी और पता काउलीचक वार्ड 15, मसौढ़ी लिखा हुआ था। इस हास्यास्पद निवास प्रमाण पत्र की चर्चा अब आम लोगों से लेकर प्रशासनिक महकमे में हर जगह हो रही है। वहीं फर्जी प्रमाण पत्र बनाने को लेकर भी सवाल खड़े किये जा रहे हैं। 
इस मामले को जैसे ही सार्वजनिक किया गया, विभागीय अधिकारियों की नींद खुल गई। उसके बाद तत्काल RTPS पोर्टल से उस फर्जी निवास प्रमाण पत्र को रद्द कर दिया गया। और राजस्व पदाधिकारी का डिजिटल हस्ताक्षर भी हटाया गया। 
मसौढ़ी के अंचलाधिकारी प्रभात रंजन ने इस विषय पर कहा कि मामले को तत्काल संज्ञान में लेते हुए संबंधित प्रमाण पत्र को रद्द कर दिया गया है और आगे की जांच की जा रही है ताकि आगे से ऐसे फर्जीवाड़े न हो। उन्होंने कहा कि मामले में साइबर फर्जीवाड़ा और सरकारी दस्तावेज से छेड़छाड़ के तहत मामला दर्ज किया जायेगा।