logo

पटना में पुलिस और अपराधी के बीच मुठभेड़, लॉरेंस बिश्नोई गैंग का शूटर एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार

इतुकू.jpg

द फॉलोअप डेस्क
पटना से सटे मसौढ़ी में गुरुवार सुबह पुलिस और एक कुख्यात अपराधी के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। बिहार में जारी 'ऑपरेशन लंगड़ा' के तहत पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए शूटर के दाहिने पैर में गोली मारी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पकड़े गए अपराधी की पहचान झारखंड के लातेहार निवासी 23 वर्षीय परमानंद यादव के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से एक 9 एमएम की पिस्टल बरामद की है।
मुठभेड़ उस वक्त हुई जब बेऊर थाना पुलिस की हिरासत से भागकर एक अपराधी जहानाबाद की ओर जाने लगा। सूचना मिलते ही मसौढ़ी थाना पुलिस ने एनएच 22 पर लाला बिगहा मोड़ के पास नाकेबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी। सुबह करीब 4:00 से 4:30 के बीच जब एक संदिग्ध बाइक सवार को पुलिस ने रोकने का इशारा किया, तो वह भागने की कोशिश में सड़क पर गिर गया। खुद को घिरा देख अपराधी ने पिस्टल निकालकर पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।
पटना पूर्वी सिटी एसपी परिचय कुमार ने बताया कि आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में अपराधी के पैर में गोली लगी। जिसके बाद घायल अवस्था में उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया। पुलिस के अनुसार, परमानंद यादव पर बिहार और झारखंड के विभिन्न थानों में हत्या, लूट और आर्म्स एक्ट के तीन दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। वह एक पेशेवर अपराधी है और सुरक्षा एजेंसियों की नजर में काफी समय से था।
जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि गिरफ्तार शूटर परमानंद यादव का संबंध कुख्यात राहुल सिंह से है, जो लॉरेंस बिश्नोई गैंग के लिए काम करता है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, वह विदेश यात्रा भी कर चुका है और बड़े संगठित अपराध गिरोहों से जुड़ा रहा है। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है ताकि गैंग के अन्य सदस्यों और भविष्य की किसी बड़ी साजिश का पता लगाया जा सके।
 

Tags - bihar news bihar khabar bihar update bihar trending news patna news patna khabar