logo

सीतामढ़ी में मिड डे मील घोटाला, 5 प्रधानाध्यापकों पर 5.50 लाख रुपये का जुर्माना

mdm.jpg

सीतामढी 
बिहार के सीतामढी में मध्याह्न भोजन योजना (Mid-Day Meal) में फर्जी उपस्थिति दिखाकर सरकारी राशि निकासी के मामले में शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना-सह-मध्याह्न भोजन योजना) की ओर से जारी आदेश में पांच प्रधानाध्यापकों पर कुल 5 लाख 50 हजार 758 रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
जांच रिपोर्ट में सामने आया कि कुछ विद्यालयों में वास्तविक उपस्थिति से अधिक बच्चों की संख्या दर्ज कर मध्याह्न भोजन मद से अतिरिक्त राशि निकाली गई। इसे गंभीर वित्तीय अनियमितता मानते हुए विभाग ने नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की। कार्रवाई की जद में बाजपट्टी, नानपुर, मेजरगंज, बथनाहा और बैरगनिया प्रखंड के विद्यालय शामिल हैं।


संबंधित प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिया गया है कि आदेश प्राप्ति के सात दिनों के भीतर निर्धारित राशि ‘बिहार राज्य मध्याह्न भोजन योजना समिति, सीतामढ़ी’ के नाम से डिमांड ड्राफ्ट या NEFT के माध्यम से जमा करें और उसका प्रमाण पत्र कार्यालय को उपलब्ध कराएं। तय समयसीमा में राशि जमा नहीं करने पर वेतन से वसूली की चेतावनी भी दी गई है।
इसके अलावा बैरगनिया प्रखंड में विद्यालयों के कमजोर अनुश्रवण को लेकर प्रखंड साधन सेवी के फरवरी माह के मानदेय में 10 प्रतिशत कटौती का आदेश जारी किया गया है। विभागीय स्तर पर इसे जवाबदेही तय करने की दिशा में सख्त कदम माना जा रहा है। जिला कार्यक्रम पदाधिकारी मनीष कुमार सिंह ने कहा कि मध्याह्न भोजन योजना बच्चों के पोषण और स्कूल में उपस्थिति बढ़ाने से जुड़ी महत्वपूर्ण योजना है। इसमें किसी भी प्रकार की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में निरीक्षण और मॉनिटरिंग की प्रक्रिया और तेज की जाएगी, ताकि योजना में पारदर्शिता बनी रहे।


 

Tags - Headmasters Penalized In Bihar School Attendance Fraud Case Education Scheme Irregularities India District Level Inquiry Report