logo

ओसामा शहाब को हाईकोर्ट से राहत, गिरफ्तारी पर रोक; जून में होगी अगली सुनवाई

ओसामा शहाब को हाईकोर्ट से राहत, गिरफ्तारी पर रोक; जून में होगी अगली सुनवाई

द फॉलोअप,बिहार
दिवंगत पूर्व सांसद मोहम्मद शहाबुद्दीन के बेटे और RJD विधायक ओसामा शहाब को पटना हाईकोर्ट से बड़ी राहत मिली है। कोर्ट ने फिलहाल उनकी गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है, जिससे अब उन्हें पुलिस से छुपकर रहने की जरूरत नहीं पड़ेगी। दरअसल, सीवान के महादेवा इलाके में एक डॉक्टर की जमीन पर जबरन कब्जा करवाने के मामले में ओसामा सहाब पर आरोप लगा है।

DIG के नेतृत्व में छापेमारी

इसी मामले को लेकर पुलिस लगातार उनकी तलाश में जुटी हुई थी। पिछले दिनों DIG के नेतृत्व में भारी पुलिस बल के साथ उनके सीवान स्थित आवास पर छापेमारी की गई, लेकिन वे वहां नहीं मिले। इसके बाद पुलिस टीम पटना स्थित उनके सरकारी आवास पर भी पहुंची, हालांकि वहां भी पुलिस को सफलता नहीं मिली और ओसामा सहाब का कोई सुराग हाथ नहीं लगा।

सुनवाई 17 जून को

गिरफ्तारी की आशंका के बीच ओसामा सहाब ने हाईकोर्ट का रुख किया। सुनवाई के दौरान कोर्ट ने पुलिस से मामले की केस डायरी पेश करने को कहा, लेकिन पुलिस तत्काल केस डायरी उपलब्ध नहीं करा सकी। इसके बाद कोर्ट ने उनकी गिरफ्तारी पर फिलहाल रोक लगा दी। अब इस मामले की अगली सुनवाई 17 जून को होगी। तब तक के लिए ओसामा सहाब को पुलिसिया कार्रवाई से राहत मिल गई है।

Tags - Osama Shahab Patna High Court relief arrest stayed next hearing June 17 Mohammad Shahabuddin son