जामताड़ा:
Jamtara Road Accident: जामताड़ा जिले के बिंदापाथर थाना क्षेत्र अंतर्गत गोविंदपुर-साहिबगंज मुख्य मार्ग पर गुहीयाजोड़ी के पास रविवार रात करीब 7 बजे एक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से 45 से 50 वर्ष की एक अज्ञात महिला की मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे और सड़क सुरक्षा की मांग को लेकर हाईवे पर करीब एक घंटे तक जाम लगा दिया। इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात बाधित हो गया।

पुलिस के हस्तक्षेप से हटाया गया जाम
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरीय अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे और आक्रोशित ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया। इसके बाद जाम हटाया गया और यातायात सुचारू रूप से बहाल कर दिया गया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जामताड़ा भेज दिया है।

महिला की पहचान में जुटी पुलिस
मृत महिला की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के थानों के माध्यम से महिला की पहचान करने का प्रयास कर रही है। साथ ही, दुर्घटना में शामिल अज्ञात वाहन की जानकारी जुटाने की भी कोशिश की जा रही है। झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता पिंटू यादव ने बताया कि गोविंदपुर-साहिबगंज मुख्य मार्ग पर अक्सर सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं। उन्होंने प्रशासन से इस मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक पहल करने की मांग की, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।