logo

बिहार : गृहमंत्री अमित शाह ने लालू को किया आगाह, बोले- देखिएगा! नीतीश जी आपको छोड़कर....

AMIT_SHAH1.jpg

पूर्णिया: 

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह बिहार के दौरे पर हैं। बिहार में एनडीए गठबंधन टूटने के पश्चात ये अमित शाह का पहला बिहार दौरा है। शुक्रवार को गृहमंत्री ने पूर्णिया में जनसभा को संबोधित किया। यहां उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर जमकर निशाना साधा और उनको अवसरवादी बताया। गृहमंत्री ने कहा कि बीजेपी को धोखा देकर नीतीश कुमार अपने स्वार्थ के लिए लालू की गोद में बैठ गए। अमित शाह ने कहा कि मेरे बिहार दौरे से लालू यादव और नीतीश कुमार परेशान हैं। उनके पेट में दर्द हो रहा है। 

 

लालू यादव को गृहमंत्री ने आगाह किया
रैली को संबोधित करते हुए गृहमंत्री अमित शाह ने आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव को आगाह भी किया। कहा कि लालू जी! आप ध्यान रखिएगा। नीतीश बाबू कल आपको छोड़कर कांग्रेस की गोद में बैठ जाएंगे। अमित शाह ने कहा कि नीतीश कुमार ने सबके साथ धोखा किया है। समाजवादी नेता जॉर्ज फर्नांडिस के साथ धोखा किया। जॉर्ज की खराब हेल्थ का हवाला देकर समता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बन गए। बाद में लालू प्रसाद यादव के साथ कपट किया। नीतीश पर निशाना साधते हुए अमित शाह ने कहा कि पहले तो आप चारा घोटाला को लेकर खूब बोलते थे। अब क्या कहेंगे। चारा घोटाला वाले आपकी कैबिनेट में मंत्री हैं। 

 

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर साधा निशाना
गृहमंत्री ने बिहार में घटी हालिया घटनाओं को लेकर भी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधा। कहा कि जबसे नीतीश कुमार ने आरजेडी के साथ मिलकर सरकार बनाई है, प्रदेश में कानून व्यवस्था बेपटरी हो चुकी है। उन्होंने जनता से सवाल किया कि क्या आपको जंगलराज चाहिए। क्या वापस अपहरण राज चाहिए। गृहमंत्री ने कहा कि बिहार में डर का माहौल व्याप्त है। 

 

हाल ही में नीतीश कुमार ने तोड़ा गठबंधन
गौरतलब है कि 2015 में महागठबंधन सरकार में शामिल रहे बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने 2017 में कांग्रेस और आरजेडी से नाता तोड़ लिया। 2020 का बिहार विधानसभा चुनाव जेडीयू ने बीजेपी के साथ मिलकर लड़ा। सत्ता में आई। 2022 में नीतीश कुमार ने एनडीए से गठबंधन तोड़ लिया और एक बार फिर से आरजेडी के साथ मिलकर सरकार बना ली। इससे पहले भी बिहार के राजनीतिक इतिहास को देखें तो नीतीश कुमार ने कई बार अलग-अलग पार्टियों का दामन थामकर सरकार चलाई है।