द फॉलोअप डेस्क:
बिहार (Bihar) के जहानाबाद (Jehanabad) में भोजपुरी गायक अभिषेक सिंह (Abhishek Singh) के घर पर सोमवार की अहले सुबह हमला किए जाने का मामला सामने आया है। नगर थाना क्षेत्र के कोर्ट एरिया स्थित उनके आवास को निशाना बनाकर कुछ लोगों ने 4 से 5 राउंड फायरिंग की। इस दौरान घर के बाहर खड़ी उनकी कार में भी तोड़फोड़ की गई, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

दूसरे भोजपुरी गायक पर लगाया आरोप
घटना के बाद अभिषेक सिंह ने भोजपुरी गायक शिवकुमार विक्की पर हमला कराने का आरोप लगाया है। अभिषेक सिंह के मुताबिक, दोनों के बीच विवाद चल रहा है। उन्होंने दावा किया कि घटना से पहले रात में उन्हें मैसेज के जरिए धमकी भी दी गई थी। हालांकि, हमले में शिवकुमार विक्की की संलिप्तता की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने घटनास्थल से गोली के खोखे बरामद किए हैं और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

SIT गठित, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
जहानाबाद के एसडीपीओ अनिकेत कुमार द्विवेदी ने बताया कि अभिषेक सिंह के बयान के आधार पर नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच के लिए विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया है। पुलिस ने आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी भी शुरू कर दी है। एसडीपीओ के अनुसार, शुरुआती तौर पर मामला आपसी विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।