logo

गया में झारखंड के कारोबारी की हत्या, बिजनेस पार्टनर को पुलिस ने किया गिरफ्तार; कर रही पूछताछ

murder12.jpg

द फॉलोअप डेस्क
बिहार के गया जिले के बोधगया थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान झारखंड निवासी 34 वर्षीय राजू रंजन के रूप में हुई है। उनका शव दक्षिणी कटोरवा इलाके में एक सुनसान जगह पर मिला, जिसके शरीर पर रॉड और पत्थरों से हमले के गहरे निशान थे।
जानकारी के मुताबिक राजू रंजन पिछले कुछ वर्षों से बोधगया में किराए पर जमीन लेकर सूअर पालन का व्यवसाय कर रहे थे। गुरुवार शाम से ही वे अचानक लापता हो गए थे और उनका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा था। शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने उनका शव देखकर पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही बोधगया पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। 
वहीं मृतक के भाई राजकुमार पासवान ने आरोप लगाया है कि इस हत्या के पीछे राजू का बिजनेस पार्टनर अनिल कुमार सिंह का हाथ हो सकता है। अनिल वैशाली जिले का रहने वाला है और पिछले दो वर्षों से राजू के साथ काम कर रहा था। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच लंबे समय से कारोबारी विवाद चल रहा था। संदेह के आधार पर पुलिस ने बिजनेस पार्टनर अनिल कुमार सिंह को हिरासत में ले लिया है और उससे कड़ी पूछताछ की जा रही है।
परिजनों ने बोधगया थाने में हत्या की प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराई है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस तकनीकी साक्ष्यों की मदद से मामले की गहन छानबीन कर रही है, जल्द ही आरोपियों को सजा दिलाई जाएगी।
 

Tags - bihar news bihar khabar bihar update gaya news gayaji latest news gayaji news gaya khabar crime news murder news