logo

बिहार : झारखंड प्रदेश अध्यक्ष खीरू महतो होगे जदयू की ओर से राज्यसभा प्रत्याशी

khiru-mahto.jpg

पटना:
राज्यसभा चुनाव में जदयू ने अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। रविवार शाम जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह ने इसका ऐलान किया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि जदयू की ओर से राज्यसभा झारखंड प्रदेश अध्यक्ष खीरू महतो भेजे जाएगें। बता दें कि जदयू के कोटे में राज्यसभा की केवल एक सीट है। यह पहला मौका है जब जदयू ने बिहार के बाहर अपनी किसी प्रदेश इकाई के पदाधिकारी को राज्यसभा भेजा है। नीतीश कुमार ने राज्यसभा चुनाव को लेकर सारी अटकलों पर विराम लगाते हुए खीरु महतो को राज्यसभा भेजने का निर्णय लिया है। 


आरसीपी सिंह का पत्ता कटा
वहीं पिछले कुछ दिनों से सियासी गलियारों में यह उम्मीद लगाई जा रही थी कि इस बार फिर जदयू आरसीपी सिंह का नाम आगे करेंगी। इसी सिलसिले में आरसीपी सिंह ने तीन दिन पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से भेंट की थी। अपने समर्थकों को उन्होंने यह आश्वस्त किया था कि वे राज्यसभा जा रहे हैं।  वह दो टर्म राज्यसभा में रह चुके हैं। केंद्र में मंत्री बनने के पूर्व वे जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष व राज्यसभा में जदयू संसदीय दल के नेता भी रह चुके हैं। 


2005 में मांडू विधानसभा से जीत दर्ज की थी
खीरु महतो जदयू के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष हैं। जेडीयू के ही टिकट पर 2005 में वो मांडू विधानसभा से प्रत्याशी रहे और चुनाव में इन्होंने जीत दर्ज की थी। जिसके बाद पार्टी ने भरोसा जताते हुए उन्हें झारखंड की कमान सौंपी थी। खीरु महतो को पार्टी ने यह जिम्मेदारी सौंपी है कि वो प्रदेश में संगठन को मजबूत करें। 


झारखंड में जदयू नहीं बना पाई है अपना अस्तित्व 

देश की क्षेत्रीय पार्टियों में शामिल जनता दल यूनाइटेड (जदयू) भले ही बिहार में लंबे समय से सरकार चला रही हो लेकिन पड़ोसी राज्य झारखंड में आज भी यह पार्टी अपने अस्तित्व के लिए जद्दोजहद करती नजर आती है। झारखंड में जदयू के इतिहास की बात करें तो राज्य स्थापना के समय कई बड़े नेता थे और विधानसभा में छह विधायक हुआ करते थे। लेकिन आज एक भी विधायक नहीं है। ऐसे में झारखंड जदयू के प्रदेश अध्यक्ष खीरु महतो को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बड़ा तोहफा दिया है।