द फॉलोअप डेस्क
बिहार बंद के दौरान जिस तरह के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, उसके बाद बिहार के कई राजद सत्ता पक्ष के नेताओं ने जमकर टिप्पणी की है। इसी सियासी संग्राम के बीच अब राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव भी कूद चुके हैं। लालू प्रसाद यादव ने वायरल हो रहे वीडियो पर टिप्पणी करते हुए अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर लिखा है कि "क्या प्रधानमंत्री मोदी ने भाजपाइयों को आदेश दिया है कि आज पूरे बिहार और बिहारियों की माताओं-बहनों और बेटियों को गाली दो? गुजराती लोग बिहारियों को इतने हल्के में ना लें? यह बिहार है।"
लालू प्रसाद यादव ने अपने पोस्ट में आगे लिखा है कि "बीजेपी के गुंडे-मव्वाली सम्मानित शिक्षिकाओं, राह चलती महिलाओं, छात्राओं, गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और पत्रकारों को गालियां दे रहे है, उनके साथ हाथापाई कर दुर्व्यवहार कर रहे है? क्या यह उचित है?"
आपको बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी की मां को लेकर कांग्रेस के एक समर्थक द्वारा आपत्तिजनक शब्दों के इस्तेमाल किये जाने के बाद NDA के समर्थकों ने आज बिहार बंद रखा था। इस बंद के दौरान सोशल मीडिया पर कई ऐसे वीडियो वायरल हो रहे हैं जिसमें भाजपा के समर्थकों के द्वारा आम जन को परेशान किया जा रहा है। एक वीडियो में एक गर्भवती महिला को अस्पताल पहुँचने से रोका जा रहा है, तो वहीं दुसरे वीडियो में एक शिक्षिका को स्कूल जाने से रोका जा रहा है। वहीं कुछ ऐसे वीडियो भी वायरल हो रहे हैं जिसमें भाजपा के समर्थकों के द्वारा राह चलते लोगों को रोककर पीट दिया जा रहा है। अब ऐसे में सवाल ये उठाये जा रहे हैं कि यह कैसा प्रदर्शन है जहां महिलाओं और आम जन को ही सुरक्षा नहीं मिल पा रही है।