logo

बिहार में फिर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, कई IAS अधिकारियों का तबादला

बिहार में फिर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, कई IAS अधिकारियों का तबादला

द फॉलोअप,बिहार
सम्राट सरकार ने एक बार फिर बड़े पैमाने पर IAS अधिकारियों का तबादला किया है। प्रशासन विभाग ने इसकी अधिसूचना जारी कर दी है। 1993 बैच के IAS अधिकारी दीपक कुमार सिंह को राज्यपाल का प्रधान सचिव बनाया गया है। इसके साथ ही उन्हें महानिदेशक सह मुख्य जांच आयुक्त, सामान्य प्रशासन विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।

कई विभागों में अतिरिक्त जिम्मेदारियां 
वर्ष 1995 बैच के अधिकारी अरविंद कुमार चौधरी को गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव पद से हटाकर मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग का अपर मुख्य सचिव बनाया गया है। उनके पास बिहार कर्मचारी चयन आयोग के अध्यक्ष और बिहार संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद के परीक्षा नियंत्रक का अतिरिक्त प्रभार भी रहेगा। सरकार ने कई वरिष्ठ अधिकारियों को अतिरिक्त जिम्मेदारियां भी दी हैं। सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव बी. राजेंद्र को निगरानी विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार को गृह विभाग के सचिव पद की अतिरिक्त जिम्मेदारी मिली है। वहीं वित्त विभाग के सचिव संजय कुमार सिंह को जांच आयुक्त, सामान्य प्रशासन विभाग के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है। हालांकि उनके पास वाणिज्य कर विभाग और मुख्यमंत्री सचिवालय में सचिव का अतिरिक्त प्रभार बना रहेगा।

राजस्व, आवास और वित्त विभाग में भी बदलाव 
2009 बैच की IAS अधिकारी सीमा त्रिपाठी को राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के सचिव का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। सिविल विमानन विभाग के विशेष सचिव निलेश रामचंद्र देवरे को बिहार राज्य आवास बोर्ड का प्रबंध निदेशक बनाया गया है। बिहार प्रशासनिक सेवा के अधिकारी इनायत खान को राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग में विशेष सचिव की अतिरिक्त जिम्मेदारी मिली है। वहीं 2013 बैच के आईएएस अधिकारी राजीव कुमार श्रीवास्तव को वित्त विभाग का अपर सचिव नियुक्त किया गया है। इसके अलावा राज्यपाल के सचिव गोपाल मीणा को केंद्र सरकार के लिए विरमित कर दिया गया है।

Tags - Bihar IAS reshuffle administrative transfer IAS officers transferred Bihar government