द फॉलोअप डेस्क
छपरा जिले से एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला प्रकाश में आया है, मामला जिले के बनियापुर थाना क्षेत्र के रामधनाव गांव का बताया जा रहा है। मृतका की पहचान मुकेश मिश्रा की 26 वर्षीय पत्नी मोना देवी के रूप में हुई है। उसकी संदिग्ध हालात में मौत से इलाके में हड़कंप मच गया है। .jpeg)
परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है। वहीं घटना के बाद से मृतका का पति समेत सभी ससुरालवाले घर से फरार हो गए हैं। परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक, मोना देवी का मायका छपरा नगर थाना क्षेत्र के पश्चिमी रौजा में है। मंगलवार तड़के ससुराल की ओर से फोन पर सूचना मिली और कहा गया कि उनकी बेटी की मौत हो गई है, आकर अपनी बेटी का शव ले जाएं। जब मायके पक्ष के लोग बेटी के ससुराल पहुंचे, तो घर में शव पड़ा मिला, वहीं ससुराल के सभी लोग फरार थे। बेटी का शव देख परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
परिजनों ने बताया कि मोना के ससुराल वाले अक्सर दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। इसे लेकर थाने में पहले से ही दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज हो चुका था। बाद में सुलहनामा के तहत भरण-पोषण की जिम्मेदारी लेने के बाद पति और ससुरालवाले मोना देवी को अपने साथ रखने के लिए तैयार हो गए थे। लेकिन अब बेटी का शव मिला है। .jpg)
वहीं घटना की सूचना मिलते ही बनियापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले की गहन जांच की जा रही है। पुलिस ने मृतका के परिजनों के बयान पर पति और अन्य ससुरालवालों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।