logo

मुंगेर की फैजा ने NEET, मुजफ्फर ने PG NEET में लहराया परचम; एक परिवार में 4 डॉक्टर

मुंगेर की फैजा ने NEET, मुजफ्फर ने PG NEET में लहराया परचम; एक परिवार में 4 डॉक्टर

द फॉलोअप डेस्क:

मुंगेर (Munger) के दो होनहार विद्यार्थियों ने मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं (Medical Enterance Exam) में शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि पर अल्पसंख्यक विकास मोर्चा की ओर से शहर के हाजी सुभान स्थित विद्यालय परिसर में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नीट यूजी में बेहतर प्रदर्शन करने वाली फैजा आफरीन और पीजी नीट में सर्वोच्च रैंक हासिल करने वाले मुहम्मद मुजफ्फर अली को सम्मानित किया गया। दोनों मेधावियों की सफलता को उनकी मेहनत, लगन और शिक्षा के प्रति समर्पण का परिणाम बताया गया।

फैजा आफरीन और मुजफ्फर अली को किया गया सम्मानित

सम्मान समारोह में डॉ. मुहम्मद जहांगीर की पुत्री फैजा आफरीन और मिर्जापुर बरदह निवासी मुहम्मद मुजफ्फर अली को अंगवस्त्र, शॉल, डायरी और चांदी की कलम भेंट की गई। मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं में दोनों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उपस्थित लोगों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने और अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास करने का संदेश भी दिया गया।

डॉ. मंसूर नियाजी की अध्यक्षता में हुआ आयोजन

कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व प्राचार्य डॉ. मंसूर नियाजी ने की, जबकि मंच संचालन अधिवक्ता मुहम्मद जहांगीर ने किया। जेआरएस कॉलेज, जमालपुर के प्रभारी प्राचार्य डॉ. देवराज सुमन मुख्य अतिथि के रूप में समारोह में शामिल हुए। इस दौरान प्रतिभा और शिक्षा के महत्व पर जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि युवाओं की शैक्षणिक उपलब्धियां समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। ऐसे सम्मान समारोह विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाने के साथ-साथ दूसरे युवाओं को भी मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।

Tags - Bihar News Munger NEET PG Topper Munger NEET Topper Munger News Today Muzaffar Ali NEET PG