logo

NEET छात्रा मौत मामला : डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी सख्त, DGP और ADG-CID के अफसर तलब

 डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी सख्त, DGP और ADG-CID के अफसर तलब

पटना
पटना में नीट की तैयारी कर रही छात्रा की संदिग्ध मौत के मामले में राज्य के उप मुख्यमंत्री सह गृह मंत्री सम्राट चौधरी एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। उन्होंने इस गंभीर प्रकरण को लेकर डीजीपी विनय कुमार समेत जांच से जुड़े वरिष्ठ अधिकारियों से सीधे अद्यतन जानकारी हासिल की।


सूत्रों के अनुसार, डीजीपी विनय कुमार ने पांच देशरत्न मार्ग स्थित उप मुख्यमंत्री आवास पहुंचकर मामले की प्रगति से उन्हें अवगत कराया। इस दौरान सीआईडी (कमजोर वर्ग) के एडीजी अमित कुमार जैन, एसआईटी से जुड़े पटना आईजी जितेंद्र राणा और एसएसपी कार्तिकेय शर्मा भी मौजूद रहे।


बताया जा रहा है कि बैठक के दौरान डिप्टी सीएम ने जांच की दिशा और गति पर विशेष जोर देते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मामले में निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच सुनिश्चित की जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


गौरतलब है कि इससे पहले मुंगेर में आयोजित एक कार्यक्रम में सम्राट चौधरी ने साफ शब्दों में कहा था कि नीट छात्रा मौत मामले के दोषियों को किसी भी सूरत में छोड़ा नहीं जाएगा। उन्होंने संकेत दिया था कि कानून के तहत कठोर कार्रवाई तय है।


पटना की इस घटना को लेकर पूरे राज्य में आक्रोश का माहौल है। सरकार की कार्रवाई पर आम लोगों की नजरें टिकी हुई हैं। उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर जरूरी कदम उठाया जाए।


 

Tags - Bihar Bihar News Bihar।atest News Bihar News Update Bihar News in Hindi