जहानाबाद
बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने घोषणा की है कि राज्य में अगले तीन वर्षों के भीतर 42 नए मेडिकल कॉलेज खोले जाएंगे। यह कदम बिहार में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक बड़ा प्रयास माना जा रहा है। जहानाबाद के कूर्मा संस्कृति मेडिकल कॉलेज परिसर में आयोजित एक समारोह के उद्घाटन अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर यह सुनिश्चित कर रही हैं कि गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचें। उन्होंने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में पब्लिक और प्राइवेट दोनों सेक्टर की भूमिका बेहद अहम है।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि जटिल प्रक्रियाओं को सरल बनाते हुए हर साल नए मेडिकल कॉलेजों की स्वीकृति दी जा रही है, ताकि राज्य में अधिक संख्या में प्रशिक्षित डॉक्टर तैयार किए जा सकें। इससे आम लोगों को बेहतर और सुलभ इलाज मिल सकेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अगले तीन वर्षों में 42 मेडिकल कॉलेज खोलने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
.jpeg)
मंगल पांडेय ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन की सराहना करते हुए कहा कि वर्ष 2014 के बाद देश में चिकित्सा सेवा और मेडिकल शिक्षा को नई दिशा मिली है। इसी सोच के तहत मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में स्वास्थ्य ढांचे को लगातार मजबूत किया जा रहा है।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि कूर्मा मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में शीघ्र ही आयुष्मान भारत योजना के तहत मरीजों को मुफ्त इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। कार्यक्रम में विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह सहित कई जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों ने मेडिकल कॉलेज की स्थापना को क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक और दूरगामी कदम बताया।
