logo

बच्चे का लिंग पता चला तो पत्नी पर बनाया गर्भपात का दबाव, मना करने पर पति ने गला दबाकर मार डाला

28_03_24.jpg

द फॉलोअप डेस्क: 
बिहार के समस्तीपुर जिले मे एक महिला की सिर्फ इसलिए हत्या कर दी गई क्योंकि उसने गर्भपात कराने से इनकार कर दिया था। जानकारी के मुताबिक, जब महिला ने गर्भपात कराने से इनकार कर दिया तो नाराज पति और उसके परिवार वालों ने नवविवाहिता की गला दबाकर हत्या कर दी, जिससे उसके गर्भ में पल रहे बच्चे की भी मौत हो गई। घटना सरायरंजन थानाक्षेत्र के बाजिदपुर मेयारी गांव की बताई जा रही है। बुधवार की दोपहर यह घटना हुई और नवविवाहिता का शव उसके ससुराल में मिला।

शादी के 10 महीने बाद हुई थी गर्भवती
मृत नवविवाहिता उदन कुमार राय की पत्नी निक्की कुमारी है। वह ताजपुर थानाक्षेत्र के राजवाड़ा निवासी रामबाबू राय की बेटी थी। उसके माता-पिता के मुताबिक, निक्की की शादी करीब 10 महीने पहले 5 मई 2023 को हुई थी। 1 महीने पहले ही वह पहली बार गर्भवती हुई थी।

बच्चे का लिंग पता चलने पर बदला व्यवहार
बताया जा रहा है कि 3 दिन पहले उसका पति और ससुराल वाले उसे अल्ट्रासाउंड के लिए अस्पताल ले गए थे, जहां किसी तरह अल्ट्रासाउंड के जरिए उसे गर्भ में पल रहे भ्रूण का लिंग पता चल गया। मृतक के भाई हरेंद्र राय का कहना है कि उसके बाद ही ससुराल वालों का व्यवहार बदल गया। उसके पति और ससुराल वाले उस पर गर्भपात कराने का दबाव बनाने लगे, जिसके लिए वह राजी नहीं हो रही थी। इसके चलते ससुराल वालों ने उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस जांच में जुटी है। इस घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।