logo

नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा का समापन आज, शाम को कैबिनेट की बैठक

nitish15.jpg

द फॉलोअप डेस्क
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की 'समृद्धि यात्रा' के दूसरे चरण का आज आखिरी दिन है। मुख्यमंत्री आज समस्तीपुर जिले के दौरे पर रहेंगे, जहां वे विकास योजनाओं का औचक निरीक्षण करेंगे और 'जनसंवाद' के जरिए आम जनता से सीधे मुखातिब होंगे। मुख्यमंत्री यहां कुल 887 करोड़ रुपए की 188 विकास योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। 
इन योजनाओं में 470 करोड़ रुपये की 71 परियोजनाएं शामिल हैं, जिनका शिलान्यास किया जाएगा। साथ ही, 273 करोड़ रुपये की 74 अन्य योजनाओं का भी सरायरंजन से उद्घाटन किया जाएगा। इस यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री का मुख्य उद्देश्य सरकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत जानना और आगामी बजट सत्र के लिए जनता की जरूरतों को भी समझना है।
समस्तीपुर में समीक्षा बैठक और निरीक्षण कार्यक्रमों को पूरा करने के बाद मुख्यमंत्री सीधे पटना लौटेंगे। राजधानी लौटते ही आज शाम में बिहार कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है। 2 फरवरी से शुरू होने वाले बजट सत्र से ठीक पहले हो रही इस बैठक को काफी अहम माना जा रहा है, क्योंकि इसमें राज्य के भविष्य से जुड़े कई नीतिगत निर्णय लिए जा सकते हैं।
मुख्यमंत्री अपनी यात्रा के दौरान मिले फीडबैक के आधार पर कुछ नई योजनाओं की घोषणा भी कर सकते हैं। बजट सत्र की तैयारियों और विधायी कार्यों को लेकर भी मंत्रियों के साथ विस्तृत चर्चा होने की संभावना है।
 

Tags - bihar news bihar khabar bihar update bihar trending news CM nitish kumar CM nitish kumar khabar samriddhi yatra bihar cabinet