logo

पटना सिविल कोर्ट को ईमेल के जरिए, RDX और IED से उड़ाने की मिली धमकी

patna_civil_court3.jpg

द फॉलोअप डेस्क
पटना सिविल कोर्ट को आज यानि सोमवार को ईमेल के जरिए RDX और IED से उड़ाने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। धमकी मिलने की खबर सुनते ही कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई और तत्काल सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, इस मैसेज को जिला एवं सत्र न्यायाधीश कार्यालय के आधिकारिक ईमेल पत्ते पर भेजा गया था। इस मैसेज के जरिए कोर्ट परिसर में RDX और IED विस्फोटक लगाए जाने का दावा किया गया था। वहीं, पुलिस द्वारा तत्काल प्रभाव से कोर्ट परिसर को खाली कराकर न्यायिक कार्य को रोक दिया गया है और साथ ही, बम निरोधक दस्ता और अन्य सुरक्षा एजेंसियां भी मौके पर पहुंचीं। वहीं, कोर्ट परिसर के अलग-अलग हिस्सों में गहन तलाशी अभियान शुरू किया गया। डॉग स्क्वॉड की मदद से संदिग्ध वस्तुओं की जांच की जा रही है।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, ईमेल भेजने वाले ने अपना नाम अरुण कुमार बताया है और खुद को LTTE का सदस्य होने का दावा किया है। हालांकि, सुरक्षा एजेंसियां इसे गंभीरता से जांच के दायरे में लिया है। गौरतलब है कि, इससे पहले भी पटना सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है। तब भी ईमेल के जरिए दहशत फैलाने की कोशिश की गई थी, हालांकि जांच में कोई विस्फोटक नहीं मिला था।

फिलहाल, साइबर सेल ईमेल की तकनीकी जांच में जुटी है। भेजने वाले की पहचान, लोकेशन और मंशा का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। वहीं, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी सतर्कता बरती जा रही है। बहरहाल, धमकी के चलते सिविल कोर्ट की न्यायिक कार्यवाही फिलहाल बाधित रहेगी। हालात सामान्य होने और सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद ही आगे की प्रक्रिया पर फैसला लिया जाएगा।

Tags - Patna Civil Court bomb threat email threat RDX IED court evacuation security alert Bihar Police bomb disposal squad dog squad Patna district and sessions judge office LTTE claim Arun Kumar cyber cell investigation email tracking court prem