logo

बिहार में किस नेता के खिलाफ है लोगों में सबसे ज्यादा गुस्सा, प्रशांत किशोर ने इस नेता का नाम बताया 

prashant8.jpeg

पटना 

बिहार में किस नेता के खिलाफ लोगों में सबसे ज्यादा गुस्सा है, ये पूछे जाने पर जन सुराज के मुखिया प्रशांत किशोर ने नीतीश कुमार का नाम बताया। पटना में आज पत्रकारों ने उनसे पूछा कि इतनी बार पलटने के बाद भी क्या जनता में सुधार आएगा। इस सवाल का जवाब देते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि मैं दावे के साथ कैमरे पर कह रहा हूं कि अगर किसी एक नेता के खिलाफ जनता में सबसे ज्यादा गुस्सा है, तो वे हैं नीतीश कुमार। आप किसी भी वर्ग से बात कीजिए, किसी सामान्य नेता से बात कीजिए, पब्लिक से बात कीजिए, नीतीश कुमार के अपने सपोटर, वोटर और पार्टी के नेताओं से बात कीजिए हर आदमी आज नीतीश कुमार के खिलाफ अपशब्द और गलत बात कह रहा है। 

अगले चुनाव में 20 सीट परही जीतेंगे 


प्रशांत ने आगे कहा, ऐसा मत समझिए कि बिहार की जनता समझती नहीं है। यही नीतीश कुमार हैं, जिन्हें 2010 में इनके नाम और चेहरे पर बिहार की जनता ने 206 विधायकों को जिताया था। आज यही नीतीश कुमार हैं, जिनके 42 विधायक जीते हुए हैं और एमपी के चुनाव में हारने के डर से भाजपा की शरण में गए हैं। अगर, मोदी और बीजेपी का साथ नहीं रहा तो खाता भी नहीं खुलेगा। कहा, आप लिखकर रखिए कि नीतीश कुमार अब चाहे जिस गठबंधन में लड़े या बीजेपी के साथ लड़ें, अगली बार विधानसभा चुनाव में इन्हें 20 से कम सीट पर जीत मिलेगी। 

13 करोड़ जनता को मूर्ख बना रहे 

जन सुराज के मुखिया ने आगे कहा कि जदयू को आगामी विधानसभा चुनाव में 20 विधायक भी नहीं आएंगे। अगर आएंगे तो मैं राजनीति से संन्यास ले लूंगा। नीतीश कुमार चाहे बीजेपी के साथ लड़ें, महागठबंधन के साथ लड़ें या किसी के साथ लड़ें, बिहार की जनता इतनी बेवकूफ नहीं है। आज जनता बदलाव के लिए व्याकुल है। जनता ने नीतीश कुमार को वोट किया, लेकिन ये आदमी बार-बार पलटा है। जनता आज कितना असहाय महसूस कर रही है और नीतीश कुमार खुद को चतुर समझ रहे हैं। लेकिन ये आदमी चतुर नहीं है। ये बिहार की 13 करोड़ की जनता को मूर्ख बनाकर ठग रहे हैं। अगले चुनाव में बिहार की जनता सूद समेत इसका हिसाब करेगी।

 

हमें फॉलो करने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें -

https://chat.whatsapp.com/H6JHUZV9z0LIcfjbcYlVDn