logo

बिहार के वैशाली में पुलिस जवान की हत्या, चेकिंग के दौरान रोकने पर की फायरिंग

firing16.jpg

वैशाली 

बिहार के वैशाली में अपराधियों की गोली से एक पुलिस जवान की मौत हो गयी है। मृतक पुलिस जवान का नाम अमिताभ कुमार है। दिनदहाड़े हुई हत्या की ये घटना शहर के सूरत चौक की है जो कि सराय बाजार में है। मिली खबर के मुताबिक घटना के समय पुलिस दल गश्ती पर था। इस दल में मृतक अमिताभ कुमार भी शामिल थे। वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस दल की नजर दो संदिग्ध बाइक सवार पर पड़ी। पुलिस दल ने उनको रोकने की कोशिश की तो बाइक सवार भागने लगे। पुलिस दल के जवानों ने उनका पीछा किया। दोनों बाइक सवार ने कोई औऱ चारा न देखकर पुलिस दल पर फायरिंग शुरू कर दी।

अपराधियों ने कई राउंड फायरिंग की 

दोनों बाइक सवार ने भागते हुए कई राउंड गोली चलायी। इस गोलीबारी में पुलिस जवान अमिताभ कुमार घायल हो गये। आनन फानन में उनको अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी। जानकारी के अनुसार दोनों बाइक सवार को गिरफ्तार कर लिया गाय है। लेकिन इसकी अधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं हो पायी है। मृतक पुलिस जवान मुंगेर का भदौड़ा का रहने वाला था। 

पैसे लूटने के फिराक में थे अपराधी 
इधर कुछ स्थानीय लोगों का कहना है कि दोनों बाइक सवार एक व्यक्ति से पैसे लूटने की कोशिश कर रहे थे। इस व्यक्ति ने कुछ ही देर पहले यूको बैंक से भारी रकम की निकासी की थी। पैसे लूटने के क्रम में पुलिस का गश्ती दल वहां पहुंच गया। पुलिस को आता देख दोनों बाइक सवार भागने की कोशिश करने लगे। पुलिस दल के द्वारा पीछा करने पर उन्होंने दिनदहाड़े पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जिससे अमिताभ कुमार की मौत हो गयी।