logo

BIHAR : कॉन्ट्रैक्ट पर बहाल होंगे पुलिस, जानिए कौन कर सकते हैं आवेदन

police4.jpg

पटना:
अब बिहार के रिटायर्ड  पुलिसकर्मियों को फिर से सेवा करने का मौका दिया जायेगा। दरअसल बिहार की आबादी के अनुसार यहां काफी कम पुलिसकर्मी है। जिसको लेकर बिहार सरकार ने कॉन्ट्रैक्ट पर पुलिस बहाल करने का उपाय निकाला है। इसमें रिटायर्ड एएसआई (ASI) से लेकर डीएसपी (DSP) रैंक तक के पुलिसकर्मियों को मौका दिया जाएगा। जिस रैंक में वो रिटायर हुए थे वो उसी रैंक में फिर से बहाल हो सकेंगे और वो 65 साल तक की उम्र तक दोबारा काम कर सकेंगे।

अधिकतम 65 वर्ष की आयु तक काम कर सकते हैं
एडीजी पुलिस मुख्यालय जितेंद्र सिंह गंगवार ने कहा कि एएसआई, इंस्पेक्टर, सब इंस्पेक्टर, डीएसपी रैंक से जो रिटायर्ड पदाधिकारी हैं कॉन्ट्रैक्ट के आधार पर जो नियमावली है उसके तहत वो नियुक्त हो सकते हैं। इसमें वो अधिकतम 65 वर्ष की आयु तक काम कर सकते हैं। जिस पद से वो रिटायर हुए हैं उसी पर बहाल होंगे। उनकी सारी छुट्टियां और नियमावली भी स्पष्ट है।

होंगे बेहतर गाइडर लेकिन भाग-दौड़ नहीं कर पाएंगे
वहीं दूसरी ओर इसको लेकर बिहार के पूर्व डीजी एसके भारद्वाज का कहना है कि जहां तक गाइड करने की बात वो बहुत अच्छी तरह से गाइड कर सकते हैं क्योंकि उनके पास खासा अनुभव होगा। लेकिन जहां तक लॉ एंड ऑर्डर की बात है तो जो पुराने आदमी हैं वो तो अच्छा काम नहीं कर पाएंगे। वो भाग-दौड़ नहीं कर पाएंगे। वो मार्गदर्शन दे सकते हैं लेकिन दौड़ना उनके लिए मुश्किल होगा।

वर्तमान पुलिसकर्मियों की बोझ कम करने का प्रयास
बता दें कि कॉन्ट्रैक्ट पर बहाल किए गए पुलिसकर्मियों को थानाध्यक्ष का पद नहीं दिया जाएगा। उन्हें अनुसंधान और लॉ एंड ऑर्डर संभालने का काम दिया जाएगा। पुलिस मुख्यालय का कहना है कि वर्तमान पुलिसकर्मियों पर काफी बोझ है इसलिए ऐसा किया जा रहा है। इस तरह की बहाली से बोझ को कम किया जा सकेगा।