द फॉलोअप डेस्क
बिहार विधानसभा चुनाव की सियासी हलचल के बीच कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री प्रियंका गांधी एक बार फिर बिहार दौरे पर आ चुकी हैं। जहां उन्होंने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय सदाकत आश्रम में 2000 महिलाओं के साथ संवाद किया। जिसमें मनरेगा मजदूर, जीविका दीदी, आंगनबाड़ी सेविकाएं, आशा वर्कर, वकील और डॉक्टर महिलाएं सहित कई लोग शामिल थीं। .jpeg)
इस दौरान प्रियंका गांधी ने महिलाओं से अपील की कि इस चुनाव में सीएम नीतीश कुमार और भाजपा की सरकार को हराना होगा। वहीं उन्होंने एनडीए सरकार द्वारा जारी योजना मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना पर भी जमकर हमला बोला।
उन्होंने सरकार पर लगातार सवाल दागे और कहा "चुनाव से ठीक पहले इन्हें महिलाओं की याद क्यों आ गई? पिछले 20 साल से सरकार में कौन है? इन बीस साल में महिलाओं के लिए इन्होंने क्या किया? पिछले 20 साल तक नीतियां किसने बनाईं? तो फिर पिछले 20 साल में आपको 10,000 रुपये क्यों नहीं दिए? सरकार ने यह भी नहीं बताया कि यह राशि हर महीने मिलेगी या नहीं। यह भी क्यों नहीं बताया कि अब आपकी कीमत सिर्फ 10,000 रुपये रह गई है?"
प्रियंका गांधी ने आगे सवाल किया कि "सरकार ने अभी तो राशि की घोषणा कर दी है, क्या ये राशि हर महीने दी जाएगी? किसको दी जाएगी? क्या उन्होंने कुछ बताया है? या सिर्फ वोट के समय महिलाओं को पैसे का लालच देकर मतदान करवाना इनका मकसद है? यह सब महिला मतदाताओं को भ्रमित करने और लुभाने की एक साजिश है। लेकिन, महिलाएं अब सब समझती हैं और अब झूठे वादों में नहीं आने वालीं हैं।"
पटना में कार्यक्रम के बाद प्रियंका गांधी मोतिहारी निकल गई है. जहां वे एक जनसभा को संबोधित करेंगी. पुलिस लाइन में उनका हेलीकॉप्टर उतरेगा। और वहां से वह गाड़ी के जरिये गांधी मैदान स्थित सभा स्थल तक जाएंगी, जहां वे कांग्रेस की ‘हर घर अधिकार रैली’ को संबोधित करेंगी।