पटना
बिहार में कार्यरत 5.87 लाख शिक्षकों के लिए प्रोजेक्ट आधारित प्रशिक्षण को अनिवार्य कर दिया गया है। राज्य के 71,863 प्रारंभिक और 9,360 माध्यमिक व उच्च माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों को समग्र शिक्षा अभियान के तहत यह प्रशिक्षण दिया जाएगा। शिक्षा विभाग ने इसके लिए साल में दो बार 50-50 घंटे की ट्रेनिंग की कार्य योजना तैयार की है।
इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य शिक्षण की गुणवत्ता सुधारना, समावेशी शिक्षा को बढ़ावा देना और छात्रों की सीखने की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाना है। शिक्षा विभाग का कहना है कि राज्य में अब शिक्षकों की संख्या पर्याप्त हो चुकी है, ऐसे में अब फोकस गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर किया जा रहा है।
छात्र-शिक्षक अनुपात में भी बड़ा सुधार देखने को मिला है। वर्ष 2005 में जहां 65 छात्रों पर एक शिक्षक था, वहीं वर्ष 2026 में यह अनुपात घटकर 29 छात्रों पर एक शिक्षक हो गया है। आने वाले समय में नई नियुक्तियों के बाद यह अनुपात और बेहतर होने की उम्मीद है।

नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 से सरकारी विद्यालयों में छात्रों के लिए भी प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग लागू की जाएगी। इसके लिए एससीईआरटी को अध्ययन सामग्री तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। सभी डायट संस्थानों को भी प्रशिक्षण की तैयारी के लिए सक्रिय किया गया है। इस योजना के तहत केंद्र सरकार से प्रशिक्षण मद में 63.20 करोड़ रुपये प्राप्त होंगे।
शिक्षा मंत्री सुनील कुमार के अनुसार, डायट के माध्यम से नियमित प्रशिक्षण से शिक्षकों को आधुनिक शिक्षण पद्धतियों से जोड़ा जाएगा। कक्षाओं में प्रोजेक्ट आधारित लर्निंग के साथ-साथ मॉडर्न टेक्नोलॉजी के उपयोग को भी बढ़ावा दिया जाएगा।

नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत शिक्षकों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और साइबर सुरक्षा की अनिवार्य ऑनलाइन ट्रेनिंग भी दी जाएगी। यह प्रशिक्षण सरकारी, निजी और अनुदान प्राप्त सभी विद्यालयों के शिक्षकों पर लागू होगा। दीक्षा पोर्टल के माध्यम से सतत व्यवसायिक विकास कार्यक्रम के तहत यह ट्रेनिंग कराई जाएगी।
प्रशिक्षण में डिजिटल स्किल्स, टेक्नो-पेडागॉजी, मीडिया लिटरेसी, डेटा प्राइवेसी, वित्तीय सुरक्षा, रोबोटिक्स और ड्रोन जैसे विषय शामिल होंगे। कोर्स पूरा करने के बाद शिक्षकों को डिजिटल सर्टिफिकेट दिया जाएगा। इसका उद्देश्य शिक्षकों को तकनीकी रूप से सक्षम बनाकर छात्रों को भी डिजिटल सुरक्षा और एआई के सही उपयोग के प्रति जागरूक करना है।
.jpg)