logo

बिहार में अब रविवार को भी खुलेंगे रजिस्ट्री ऑफिस, जानिए सरकार ने क्यों लिया फैसला

LAND_REGISTRY.jpg

द फॉलोअप डेस्क
बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने आम जनता को बड़ी राहत देते हुए फरवरी 2026 में सभी रविवार को रजिस्ट्री ऑफिस खुले रखने का निर्णय लिया है। मद्यनिषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग के सचिव अजय यादव ने बताया कि इस महीने केवल महाशिवरात्रि की छुट्टी को छोड़कर बाकी सभी अवकाश के दिनों में सामान्य कार्य दिवस की तरह काम होगा।
इस नई व्यवस्था से सबसे अधिक लाभ उन कामकाजी लोगों को होगा, जिन्हें व्यस्तता के कारण सप्ताह के अन्य दिनों में समय नहीं मिल पाता था। अब लोग अपनी सुविधा के अनुसार रविवार को भी जमीन, मकान और अन्य दस्तावेजों का निबंधन (रजिस्ट्रेशन) आसानी से करा सकेंगे। सरकार को उम्मीद है कि इस कदम से न केवल जनता को सहूलियत होगी, बल्कि राजस्व संग्रह में भी तेजी आएगी।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि फरवरी के सभी रविवार को ऑफिस सुबह से ही सुचारू रूप से कार्य करेंगे। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे इस विशेष सुविधा का लाभ उठाएं और अपने जरूरी कागजातों का निबंधन समय पर पूरा करें। उपमुख्यंत्री और विभाग के मंत्री विजय कुमार सिन्हा इन दिनों जमीन से जुड़े मामलों के त्वरित निपटारे के लिए खुद सक्रिय हैं। वे लगातार विभिन्न जिलों का दौरा कर जनसंवाद कार्यक्रम कर रहे हैं।
इस दौरान अधिकारियों को कार्यप्रणाली में सुधार और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी रोकने के सख्त निर्देश दिए जा रहे हैं, ताकि आम लोगों को दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें। जमीन विवादों को कम करने और पारदर्शी व्यवस्था बनाने की दिशा में इसे एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Tags - bihar news bihar khabar bihar update bihar trending news bihar government news bihar government khabar