द फॉलोअप डेस्क
केरल कांग्रेस के एक आपत्तिजनक ट्वीट ने बिहार की राजनीति में एक नया सियासी तूफान ला दिया है। 'बीड़ी और बिहार' से जुड़ा यह पोस्ट अब कांग्रेस और बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के बीच एक बड़े विवाद का कारण बन गया है, जिसने राज्य की राजनीति को फिर से गरमा दिया है।.jpg)
दरअसल, केरल कांग्रेस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर एक ट्वीट किया, जिसमें बीड़ी पर जीएसटी कम किए जाने को लेकर तंज कसते हुए लिखा गया, "बीड़ी और बिहार 'B' अक्षर से शुरू होते हैं। अब इसे पाप नहीं माना जा सकता।" इस पोस्ट में एक ग्राफिक भी साझा किया गया था, जिसमें बीड़ी पर जीएसटी 28% से घटाकर 18% करने का प्रस्ताव दिखाया गया, वहीं सिगरेट और तंबाकू पर जीएसटी बढ़ाकर 40% करने की बात कही गई थी।
इस ट्वीट के बाद अब बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। डिप्टी सीएम ने इसे बिहार का अपमान बताया और ट्वीट कर लिखा "पहले हमारे माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की पूजनीय माता जी का अपमान और अब पूरे बिहार का अपमान — यही है कांग्रेस का असली चरित्र, जो बार-बार देश के सामने उजागर हो रहा है।" हालांकि कांग्रेस के इस विवादित ट्वीट को बाद में डिलीट कर दिया गया, लेकिन तब तक यह सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका था और राजनीतिक महकमे में हलचल मचा चुका था।.jpeg)
पहले हमारे माननीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी की पूजनीय माता जी का अपमान और अब पूरे बिहार का अपमान — यही है कांग्रेस का असली चरित्र, जो बार-बार देश के सामने उजागर हो रहा है। pic.twitter.com/VvliP16tTJ
— Samrat Choudhary (@samrat4bjp) September 5, 2025
आपको बता दें कि बीते दिनों राहुल गांधी के नेतृत्व में निकाली गई वोट अधिकार यात्रा के दौरान दरभंगा के बिठौली चौक पर कांग्रेस के एक समर्थक के द्वारा प्रधानमंत्री मोदी की मां को लेकर आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया था। जिसके बाद NDA के समर्थकों ने आक्रोशित होकर 4 सितंबर को बिहार बंद किया था और इस भाषा को लेकर खूब विरोध भी किये थे। वहीं पीएम मोदी भी एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बिहार में उनकी माँ को गाली दिए जाने पर दुःख जताया था। और अब केरल कांग्रेस के इस ट्वीट के बाद बिहार के NDA के नेता लगातार प्रतिक्रिया दे रहे हैं। 
कुल मिलाकर देखा जाये तो कांग्रेस और भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। विपक्ष लगातार कांग्रेस पर निशाना साध रहा है कि वह बार-बार राजनीतिक मर्यादा की सीमाएं लांघ रही है, वहीं कांग्रेस इसे राजनीतिक कटाक्ष और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता बताकर अपना बचाव करने में जुटी हुई है।