logo

पटना के कोचिंग संस्थान में छात्रों का विरोध प्रदर्शन औऱ तोड़फोड़, फैकल्टी की गैरमौजूदगी को लेकर नाराजगी

 पटना के कोचिंग संस्थान में छात्रों का विरोध प्रदर्शन औऱ तोड़फोड़, फैकल्टी की गैरमौजूदगी को लेकर नाराजगी

पटना 
पटना के श्रीकृष्णापुरी इलाके में स्थित मोशन कोचिंग सेंटर में मंगलवार को छात्रों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। संस्थान में उपयुक्त शिक्षकों की अनुपलब्धता को लेकर छात्र उग्र हो गए और उन्होंने कोचिंग सेंटर में पथराव और तोड़फोड़ की। घटना के दौरान वहां अफरा-तफरी मच गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
प्रदर्शन कर रहे छात्रों का आरोप है कि उनसे पूरी फीस वसूलने के बावजूद कोचिंग में कक्षाएं नियमित रूप से नहीं चल रही हैं क्योंकि संस्थान में आवश्यक फैकल्टी उपलब्ध नहीं है। कुछ छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि क्लास में कुछ देर से पहुंचने पर उन्हें प्रवेश नहीं दिया जाता, जबकि पढ़ाई पहले से ही बाधित है।


विवाद इतना बढ़ गया कि छात्रों और कोचिंग प्रबंधन के बीच हाथापाई की नौबत आ गई। सामने आई कुछ तस्वीरों में कुछ छात्रों के कपड़े फटे नजर आ रहे हैं, जिससे झड़प की पुष्टि होती है। छात्रों का आरोप है कि जब उन्होंने समस्या उठाई तो संस्थान के संचालक ने उनके साथ मारपीट की।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए हस्तक्षेप किया। अधिकारियों द्वारा छात्रों को शांत कराने और मामले को सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है। मोशन कोचिंग सेंटर मेडिकल और इंजीनियरिंग की तैयारी करवाने वाला प्रमुख संस्थान माना जाता है, लेकिन हालिया घटनाक्रम ने इसकी कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Tags - Jharkhand News News Jharkhand Jharkhand।atest News News Jharkhand।ive Breaking।atest